90 के दशक में बॉलीवुड के गानों का अपना अलग ही जादू था. उस दौर में कुछ गाने ऐसे आए, जिन्हें सुनते ही पैर थिरकने लगते थे. ऐसा ही एक गाना 1994 में आई फिल्म ‘ये दिल्लगी' का ‘ओले ओले' था. अभिजीत भट्टाचार्य की आवाज में गाया यह गाना सैफ अली खान पर फिल्माया गया था. 4 मिनट 32 सेकंड लंबे इस गाने में सैफ का अंदाज और डांस लोगों को खूब पसंद आया. आज 32 साल बाद भी ‘ओले ओले' 90s के सबसे यादगार पार्टी सॉन्ग्स में गिना जाता है. फिल्म के साथ-साथ इस गाने ने भी जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की.
बारिश में कार की छत से आया था ‘ओले ओले' का आइडिया
‘ओले ओले' के बनने की कहानी भी काफी दिलचस्प है. आउटलेट रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के संगीत पर दिलीप सेन और समीर सेन काम कर रहे थे. एक बार बारिश के दौरान कार की छत पर पड़ रही आवाज सुनकर दिलीप सेन ने कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे ओले गिर रहे हों. इसी से ‘ओले ओले' शब्द का आइडिया आया.
ये Video भी देखें: Haiwaan Review: अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी का कमाल या निराशा?
इसके बाद इस शब्द को लेकर धुन तैयार की गई और गीतकार समीर ने इसे गाने का रूप दिया. शुरुआत में संगीतकारों को खुद भी नहीं लगा था कि यह गाना इतना बड़ा हिट हो जाएगा. बताया जाता है कि उन्होंने इसे पहले यश चोपड़ा को सुनाने से भी बचाया, लेकिन जब आखिरकार गाना सुनाया गया तो उन्हें यह बेहद पसंद आया.
अभिजीत की आवाज और सैफ का अंदाज बना पहचान
गाने को अभिजीत भट्टाचार्य ने अपनी आवाज दी, जबकि इसे दिलीप सेन और समीर सेन ने कंपोज किया और बोल समीर ने लिखे. ‘ओले ओले' को सैफ अली खान के किरदार विकी पर फिल्माया गया था. गाने में सैफ का मस्ती भरा अंदाज, कपड़े और डांस उस समय के युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हुए. आपको बता दें कि ये दिल्लगी फिल्म, 6 मई 1994 को रिलीज हुई थी. फिल्म में सैफ अली खान के साथ अक्षय कुमार और काजोल मुख्य भूमिकाओं में थे. फिल्म का संगीत दिलीप सेन-समी़र सेन ने दिया था.
32 साल बाद भी क्यों याद किया जाता है गाना?
‘ओले ओले' सिर्फ फिल्म का एक गाना बनकर नहीं रह गया. रिलीज के बाद यह चार्टबस्टर साबित हुआ और अभिजीत की पहचान से भी जुड़ गया. कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे फिल्म से भी बड़ी कामयाबी पाने वाला गाना बताया गया है. फिल्म के पूरे साउंडट्रैक को भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था.
‘ये दिल्लगी' के साउंडट्रैक में लता मंगेशकर, कुमार सानू, उदित नारायण और पंकज उधास जैसे गायकों की आवाज भी सुनने को मिली थी. लेकिन ‘ओले ओले' की बात अलग रही. इसकी मस्ती और आसान बोलों ने इसे पार्टी और डांस नंबर की पहचान दे दी. आज भी जब 90s के पॉपुलर बॉलीवुड पार्टी सॉन्ग्स की बात होती है, तो सैफ अली खान का ‘ओले ओले' जरूर याद आता है.
यह भी पढ़ें: रवीना टंडन ने खोला गोविंदा संग हिट जोड़ी का राज, कहा- 'मेरे अलावा सिर्फ एक एक्ट्रेस ही दे पाई उन्हें टक्कर'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं