विज्ञापन

32 साल पुराना वो गाना, जिसमें अनाड़ी-खिलाड़ी बन अक्षय-सैफ ने जीता था लड़कियों का दिल, अभिजीत-उदित की जुगलबंदी 2026 में भी सुपरहिट 

90s की मस्ती और दोस्ती को पर्दे पर उतारने वाला अक्षय-सैफ का यह गाना वक्त के साथ पुराना जरूर हुआ, लेकिन इसकी धुन का जादू आज भी कम नहीं हुआ है.

32 साल पुराना वो गाना, जिसमें अनाड़ी-खिलाड़ी बन अक्षय-सैफ ने जीता था लड़कियों का दिल, अभिजीत-उदित की जुगलबंदी 2026 में भी सुपरहिट 
सैफ-अक्षय का यह गाना 32 साल बाद भी है हिट

90 के दशक में बॉलीवुड के गाने सिर्फ सुने नहीं जाते थे, बल्कि उनके डांस स्टेप्स भी खूब कॉपी किए जाते थे. ऐसा ही एक गाना साल 1994 में आया था, जिसने अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी को एक अलग अंदाज में पेश किया. फिल्म थी ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' और गाना था इसका टाइटल ट्रैक ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी'. अक्षय और सैफ की मस्ती, दोनों का डांस और अभिजीत भट्टाचार्य-उदित नारायण की दमदार आवाज ने इस गाने को खूब लोकप्रिय बनाया. आज 32 साल बाद भी इसकी धुन बजते ही 90s की यादें ताजा हो जाती हैं. 

अक्षय खिलाड़ी तो सैफ बने थे अनाड़ी

‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' साल 1994 में रिलीज हुई थी. फिल्म का निर्देशन समीर मलकान ने किया था और इसमें अक्षय कुमार, सैफ अली खान, शिल्पा शेट्टी और रागेश्वरी मुख्य भूमिकाओं में थे. फिल्म में अक्षय ने पुलिस अधिकारी करण जोगलेकर का किरदार निभाया था, जबकि सैफ अली खान दीपक कुमार के रोल में नजर आए थे. दोनों की दोस्ती और उनकी अलग-अलग शख्सियत फिल्म की कहानी का अहम हिस्सा थी. 

टाइटल गाने में भी दोनों की यही केमिस्ट्री देखने को मिली. अक्षय का एनर्जी से भरा अंदाज और सैफ की मस्ती ने गाने को खास बना दिया. उस दौर में इस तरह के डांस नंबर युवाओं के बीच खूब पसंद किए जाते थे और यह गाना भी पार्टी और डांस फ्लोर का हिस्सा बन गया.

अभिजीत और उदित की आवाज ने गाने में डाली जान

इस गाने की सबसे बड़ी खासियत इसकी आवाज भी थी. अभिजीत भट्टाचार्य और उदित नारायण ने इसे गाया था, जबकि संगीत अनु मलिक ने दिया और गीत माया गोविंद ने लिखे थे. गाने का संगीत तेज बीट्स और आसानी से याद रह जाने वाली धुन पर आधारित था. यही वजह थी कि इसके बोल और मुखड़ा लोगों की जुबान पर चढ़ गए. फिल्म का पूरा म्यूजिक एल्बम भी काफी लोकप्रिय रहा. इसमें ‘चुरा के दिल मेरा', ‘पास वो आने लगे', ‘जुबां खामोश होती है', ‘लाखों हसीन', ‘दिल का दरवाजा', ‘माय एडोरेबल डार्लिंग' और ‘होंठों पे तेरा नाम' जैसे गाने शामिल थे. यानी फिल्म के एल्बम में कुल 8 ट्रैक थे. 

32 साल बाद अक्षय ने फिर दोहराया वही जादू

इस गाने की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि करीब तीन दशक बाद इसे फिर से पर्दे पर लाया गया. 2023 की फिल्म ‘सेल्फी' के लिए ‘मैं खिलाड़ी' को रीक्रिएट किया गया, जिसमें अक्षय कुमार के साथ इमरान हाशमी नजर आए. खास बात यह थी कि नए वर्जन में अभिजीत और उदित नारायण की मूल आवाजों को ही बरकरार रखा गया, जबकि संगीत को तनिष्क बागची ने रीक्रिएट किया. 

यह भी पढ़ें: भारत में 'रेसिडेंट ईविल' का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, पहले दिन 3.02 करोड़ कमाकर बनी फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी ओपनर

इस तरह 1994 का यह गाना सिर्फ एक 90s हिट बनकर नहीं रह गया, बल्कि नई पीढ़ी तक भी पहुंचा. अक्षय कुमार के करियर में ‘खिलाड़ी' वाली पहचान को मजबूत करने वाले गानों में इसका नाम आज भी लिया जाता है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Main Khiladi Tu Anari, Saif Ali Khan, Akshay Kumar, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com