लता मंगेशकर, मोहम्मद रफी, किशोर कुमार, कुमार सानू, उदित नारायण, अलका याग्निक जैसे दिग्गज सिंगर ने कई गाने गाए हैं. इन सभी सिंगर्स ने कई सुपरहिट हीरो-हीरोइनों के लिए गाने गए हैं. लेकिन 90 के दशक में एक सिंगर ऐसी भी थी, जो पुरुष और महिला दोनों की आवाज में गाने गाती थी. इस सिंगर का नाम मिलन सिंह था. मिलन सिंह ने अपनी इस अनोखी प्रतिभा से संगीत प्रेमियों को हैरान किया.
बचपन से ही संगीत में लगाव
वह मशहूर गायिका लता मंगेशकर और दिग्गज सिंगर मोहम्मद रफी के गानों को भी अलग-अलग आवाजों में पेश करने के लिए जानी जाती हैं. दूरदर्शन पर अपनी सिंगिंग के जरिए उन्होंने दर्शकों का ध्यान खींचा और घर-घर में पहचान बनाई. उन्होंने अपनी कला से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई.
मिलन सिंह का जन्म उत्तर प्रदेश के इटावा में हुआ. उन्हें बचपन से ही संगीत में दिलचस्पी थी. उनकी आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, उन्होंने करीब साढ़े तीन साल की उम्र से गाना शुरू कर दिया था. धीरे-धीरे उनकी प्रतिभा निखरती गई और उन्होंने अपनी सिंगिंग को एक अलग अंदाज दिया.
मिलन सिंह की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वह अपनी आवाज को पुरुष और महिला, दोनों के अंदाज में ढाल सकती हैं. यही वजह है कि उनके गाने सुनने वालों को कई बार यह पहचानना मुश्किल हो जाता है कि दोनों आवाजें एक ही कलाकार की हैं. वह मशहूर सिंगर मोहम्मद रफी की गायकी से भी काफी प्रभावित रही हैं.
दूरदर्शन से मिली पहचान
90 के दशक में दूरदर्शन मनोरंजन का एक बड़ा माध्यम था. उस दौर में टीवी पर आने वाले संगीत कार्यक्रमों के जरिए कई कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला. मिलन सिंह ने भी अपनी सिंगिंग से दर्शकों का ध्यान खींचा.
उनकी खास शैली ने उन्हें दूसरे गायकों से अलग पहचान दिलाई. एक ही मंच पर पुरुष और महिला आवाज में गाने की उनकी कला लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी. पुराने हिंदी फिल्मी गानों को अपने अंदाज में पेश करके उन्होंने संगीत प्रेमियों के बीच जगह बनाई.
यश भारती पुरस्कार से भी सम्मानित
मिलन सिंह की प्रतिभा को सम्मान भी मिला. उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से 1995 में यश भारती पुरस्कार दिया गया था. उनकी आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, उन्हें यह सम्मान तत्कालीन राज्यपाल मोतीलाल वोरा और मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने दिया था.
मिलन सिंह ने हिंदी के अलावा कई अन्य भाषाओं में भी संगीत एल्बम किए हैं. उनके नाम 32 संगीत एल्बम दर्ज हैं. इटावा में उनके सम्मान में एक सड़क का नाम 'मिलन सिंह मार्ग' भी रखा गया है.
यह भी पढ़ें | 57 साल पुराना किशोर कुमार का रोमांटिक गाना, जो पति-पत्नी के रिश्ते पर बैठता है फिट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं