आज भले ही शादी और पार्टियों में नए गानों की धूम रहती हो, लेकिन एक दौर ऐसा भी था जब कुछ गानों के बिना जश्न अधूरा माना जाता था. ऐसा ही एक गाना साल 1998 में आई फिल्म ‘सोल्जर' का है, जिसके बोल हैं ‘नइयो नइयो'. सोनू निगम और जसपिंदर नरूला की आवाज में सजे इस गाने ने रिलीज होते ही लोगों के बीच अपनी खास जगह बना ली थी. बॉबी देओल और प्रीति जिंटा पर फिल्माया गया यह गाना इतना लोकप्रिय हुआ कि शादी-ब्याह से लेकर हर छोटे-बड़े फंक्शन में इसकी धुन सुनाई देने लगी.
सोनू निगम और जसपिंदर नरूला की आवाज ने बनाया सुपरहिट
‘नइयो नइयो' गाने की सबसे बड़ी खासियत इसका संगीत और मस्ती से भरा अंदाज था. अनु मलिक ने फिल्म का संगीत तैयार किया था. वहीं सोनू निगम और जसपिंदर नरूला की आवाज ने इस गाने को यादगार बना दिया. गाने में बॉबी देओल और प्रीति जिंटा की जोड़ी नजर आई थी. दोनों का डांस और पर्दे पर उनकी केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आई. उस दौर में शादी और पार्टियों में डीजे पर इस गाने की फरमाइश खूब होती थी. खासकर जब डांस फ्लोर पर लोग थिरकने के लिए तैयार होते थे, तब ‘नइयो नइयो' का इंतजार रहता था. आज भी 90 के दशक के लोकप्रिय गानों की बात होती है तो इसका नाम जरूर आता है.
‘सोल्जर' ने बॉबी देओल और प्रीति जिंटा को दिलाई पहचान
फिल्म ‘सोल्जर' का निर्देशन अब्बास-मस्तान ने किया था. इसमें बॉबी देओल और प्रीति जिंटा के अलावा राखी, फरीदा जलाल, दलीप ताहिल और जॉनी लीवर जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे. यह फिल्म प्रीति जिंटा की शुरुआती फिल्मों में से एक थी और इसी फिल्म ने उन्हें दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई. फिल्म में बॉबी देओल ने विक्की का किरदार निभाया था, जो अपने माता-पिता की मौत का बदला लेने के लिए दुश्मनों तक पहुंचने की कोशिश करता है. कहानी में एक्शन, रोमांस और सस्पेंस का अच्छा मेल देखने को मिला था.
बॉक्स ऑफिस पर भी खूब चला था फिल्म का जादू
‘सोल्जर' सिर्फ अपने गानों के लिए ही नहीं, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी सफल रही थी. 1998 में रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला और यह उस साल की सफल फिल्मों में शामिल रही. फिल्म की कहानी और एक्शन के साथ इसके गानों ने भी खूब लोकप्रियता हासिल की. ‘नइयो नइयो' की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फिल्म रिलीज होने के इतने साल बाद भी यह गाना लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल है. 28 साल बाद भी इसकी धुन सुनते ही 90 के दशक की पार्टियों और शादियों की याद ताजा हो जाती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं