क्या हो अगर आपके मोबाइल में अचानक एक ऐसा ऐप आ जाए, जो आपकी हर इच्छा पूरी कर दे? पैसा चाहिए, कोई सपना पूरा करना है या जिंदगी की कोई मुश्किल खत्म करनी है... बस इच्छा मांगिए और काम हो जाएगा. सुनने में सब कुछ जितना शानदार लगता है, इस कहानी में उतना ही डरावना है. क्योंकि इस ऐप से मांगने वाले को बाद में ऐसी कीमत चुकानी पड़ती है, जिसकी शायद उसने कभी कल्पना भी नहीं की होगी. नेटफ्लिक्स पर मौजूद 8 एपिसोड की कोरियन हॉरर सीरीज इफ विशेज कुड किल इसी खतरनाक खेल की कहानी है, जहां एक इच्छा धीरे-धीरे पांच दोस्तों की जिंदगी को मौत और रहस्य के जाल में फंसा देती है.
पांच दोस्तों की जिंदगी में कैसे आया ये खतरनाक ऐप?
सीरीज की शुरुआत पांच स्कूल दोस्तों से होती है, जिनकी जिंदगी आम बच्चों की तरह चल रही होती है. फिर उनमें से एक को एक रहस्यमयी मोबाइल ऐप के बारे में पता चलता है. इस ऐप की खासियत यह है कि यह आपकी इच्छा पूरी कर सकता है. लेकिन कहानी में असली डर इसके बाद शुरू होता है. इच्छा तो पूरी हो जाती है, मगर उसके बदले ऐसी कीमत चुकानी पड़ती है, जो जिंदगी और मौत के बीच खड़ा कर देती है. देखते ही देखते यह ऐप सिर्फ एक मोबाइल ऐप नहीं रहता, बल्कि पांचों दोस्तों के लिए एक खतरनाक जाल बन जाता है.
जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, दोस्तों की जिंदगी इस रहस्यमयी ऐप के चक्कर में उलझती चली जाती है. हर किसी के सामने डर और खतरा बढ़ता जाता है. सवाल सिर्फ यह नहीं रहता कि ऐप आखिर इच्छाएं पूरी कैसे कर रहा है, बल्कि यह भी कि इसके पीछे कौन है और उसका असली मकसद क्या है. यहीं से कहानी में हॉरर के साथ सस्पेंस और कई ट्विस्ट जुड़ते जाते हैं. ऐप बनाने वालों से जुड़ा रहस्य भी धीरे-धीरे सामने आता है और कहानी हर एपिसोड के साथ ज्यादा खतरनाक मोड़ लेने लगती है.
सिर्फ 8 एपिसोड में खत्म हो जाएगा पूरा खेल
अगर आप ऐसी सीरीज पसंद करते हैं, जिसमें कहानी ज्यादा लंबी न हो और हर कुछ देर में नया ट्विस्ट मिले, तो यह आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकती है. इफ विशेज कुड किल में कुल 8 एपिसोड हैं, इसलिए इसे एक या दो बैठकों में आसानी से देखा जा सकता है. सीरीज की कहानी आखिर कहां जाकर खत्म होती है, उस ऐप का रहस्य क्या है और पांच दोस्तों में से कौन इस खतरनाक खेल से बच पाता है, इसके लिए आपको नेटफ्लिक्स पर पूरी सीरीज देखनी होगी. हॉरर, सस्पेंस और रहस्य पसंद करने वालों के लिए यह वीकेंड की एक दिलचस्प बिंज वॉच बन सकती है.
ये भी पढ़ें: इस दिग्गज एक्टर ने गांव में बिताया बचपन, चाचा ने सिखाया तैरना, नंगे पैर चलना है पसंद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं