फेसबुक विज्ञान की देन है और अगर यही विज्ञान फेसबुक पर प्यार की देन दे दे तो क्या कहने. ऐसा ही कुछ लगान की एक्ट्रेस के साथ भी हुआ है. लगान फिल्म ने बेशक 25 साल पूरे कर लिए हैं, लेकिन 60 की उम्र में दुल्हन बनी इस एक्ट्रेस की शादी को भी 15 साल हो गए हैं. इस एक्ट्रेस की शादी अब चर्चा में आ गई है. इस चर्चा की वजह शादी की उम्र है. दरअसल लगान एक्ट्रेस सुहासिनी मुले ने खुलासा किया है कि उन्होंने 60 साल की उम्र में पहली बार शादी की है. इस बात की जानकारी खुद सुहासिनी ने रेडियो शो सुहाना सफर में दी है. उन्होंने वैज्ञानिक अतुल गुर्टू से प्यार किया और सिर्फ 75 दिन के अंदर दोनों ने शादी कर ली. सुहासिनी मुले और अतुल गुर्टू की मुलाकात एक फेसबुक के जरिए हुई थी. जिसके बाद दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया.
ये भी पढ़ें: 30 साल बाद भी नहीं उतरा इस गाने का खुमार, ट्रेनों में आज भी गूंजती है इसकी धुन, अलका याज्ञनिक की आवाज ने रचा था जादू
सही साथी की तलाश
सुहासिनी मुले ने शो में बताया कि उन्होंने कभी शादी नहीं करने का सोचा था क्योंकि सही साथी नहीं मिल रहा था. लेकिन किस्मत ने कुछ और ही लिखा था. उन्होंने कहा, 'मैं 60 साल की उम्र में पहली बार शादी कर रही थी. तब तक मुझे सही व्यक्ति नहीं मिला था. मेरे पति बहुत मशहूर वैज्ञानिक हैं. जब वह विज्ञान की बात करते हैं तो मुझे कुछ समझ नहीं आता, लेकिन वह बहुत अच्छे इंसान हैं.'
फेसबुक पर हुई मुलाकात
सुहासिनी मुले ने बताया कि फेसबुक पर उनकी मुलाकात अतुल गुर्टू से हुई. एक्ट्रेस की एक को-एक्ट्रेस ने उन्हें फेसबुक जॉइन करने की सलाह दी थी ताकि काम के ऑफर मिल सकें. एक दिन स्क्रोल करते हुए उन्हें अतुल का प्रोफाइल दिखा. वह लार्ज हैड्रॉन कोलाइडर प्रोजेक्ट (LHC) पर काम कर रहे थे. सुहासिनी को साइंस में हमेशा दिलचस्पी रही है, इसलिए उन्होंने उन्हें मैसेज किया- “LHC क्या है?” इस साधारण सवाल से दोनों की बातचीत शुरू हुई. ऑनलाइन चैटिंग धीरे-धीरे बढ़ती गई और दोस्ती प्यार में बदल गई. कुछ महीनों की ऑनलाइन बातचीत के बाद वह मिले और जनवरी 2011 में शादी कर ली.
मशहूर वैज्ञानिक अतुल गुर्टू
सुहासिनी मुले कहती हैं कि समाज अक्सर उम्र को लेकर दबाव डालता है, लेकिन उन्होंने जल्दबाजी नहीं की. उन्होंने सही इंसान का इंतजार किया. आपको बता दें कि अतुल गुर्टू एक जाने-माने भौतिकशास्त्री हैं. सुहासिनी ने कहा कि उनके पति की साइंस की दुनिया काफी अलग है, लेकिन दोनों एक-दूसरे का बहुत सम्मान करते हैं. बात करें सुहासिनी मुलय की तो उन्होंने ना केवल लगान में बल्कि जोधा अकबर, दिल चाहता है, धमाल, प्रेम रतन धन पायो, दे दे प्यार दे और इक्कीस जैसी फिल्मों में भी काम किया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं