अगर आपको ऊंचाई से डर लगता है. बुर्ज खलीफा जैसी गगनचुंबी इमारतों पर चढ़ने से डर लगता है तो ये थ्रिलर ट्रेलर आपके लिए नहीं है. 2022 की सरप्राइज हिट थ्रिलर 'फॉल' की सिक्वेल 'फॉल 2: डेडपॉइंट' का नया ऑफिशियल ट्रेलर रिलीज हो गया है. इस ट्रेलर में थाईलैंड के माउंट क्वान पर 3,000 फीट की ऊंचाई पर फंसी दो महिलाओं के संघर्ष को दिखाया गया है. फिल्म 2 सितंबर 2026 को दुनियाभर के थिएटर्स में रिलीज होगी. ट्रेलर की शुरुआत थाईलैंड के खूबसूरत द्वीप और नाव से होती है. फिर कैमरा धीरे-धीरे खड़ी चट्टानों और संकरी लकड़ी की पट्टियों पर फोकस करता है. दो महिलाएं चेन और रस्सियों से बंधी ऊंचाई पर चल रही होती हैं. अचानक रॉकस्लाइड होता है और वे एक नाजुक पट्टे पर फंस जाती हैं. चीखें, डर और 'हेल्प अस' ट्रेलर को और डरावना बना देते हैं.
कहानी क्या है?
पहली फिल्म में शिरा हंटर की मौत के बाद उसकी बहन जैक्स हंटर (हैरिएट स्लेटर) सदमे में है. शिरा की दोस्त लूस (अर्सेमा थॉमस) के साथ जैक्स थाईलैंड के माउंट क्वान पर खतरनाक प्लैंक वॉक करने जाती है. ये सफर बहन की याद में एक तरह का ट्रिब्यूट है. लेकिन अचानक रॉकस्लाइड उन्हें 3,000 फीट ऊंचाई पर एक कमजोर लकड़ी की पट्टी पर फंसा देता है. यही इस फिल्म की कहानी और सांसें रोक देने वाला पल है. फिल्म का बजट 30 मिलियन डॉलर यानी 286 करोड़ रुपये बताया जा रहा है.
फॉल 2 की कास्ट और क्रू
'फॉल 2: डेडपॉइंट' में हैरिएट स्लेटर और अर्सेमा थॉमस हैं. टॉम ब्रिटनी भी कास्ट में शामिल हैं. निर्देशन माइकल और पीटर स्पीरिग का है, जिन्होंने ‘प्रीडेस्टिनेशन' और ‘जिगसॉ' जैसी फिल्में बनाई हैं.
पहली फिल्म के बारे में खास बातें
पहली फिल्म 'फॉल' सिर्फ 3 मिलियन डॉलर के बजट में बनी थी और दुनियाभर में करीब 21.8 मिलियन डॉलर कमाई थी. नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने के बाद यह और ज्यादा लोकप्रिय हो गई. सिक्वेल की शूटिंग थाईलैंड में हुई. माउंट क्वान का प्लैंक वॉक चीन के असली और बेहद खतरनाक हुआशान प्लैंक ट्रेल से प्रेरित है, जिसे दुनिया के सबसे खतरनाक ट्रेल्स में गिना जाता है.
‘फॉल 3' को भी हरी झंडी मिल चुकी है. स्कॉट मान खुद उसका निर्देशन करेंगे. पहली फिल्म में जगह कैलिफोर्निया का 2,000 फीट ऊंचा रेडियो टॉवर था. इस बार ऊंचाई और खतरा दोनों बढ़ा दिए गए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं