आज हम आपको हिंदी फिल्मों के सबसे रोमांटिक और सॉफ्ट गानों में से एक के बारे में बताने जा रहे हैं. यह गाना है ‘बाहों में चले आओ' जो साल 1973 में आई फिल्म अनामिका का सबसे यादगार और रोमांटिक गाना है. इस गाने को आवाज दी लता मंगेशकर ने जिनकी कोमल और मस्ती भरी आवाज ने इस गाने को एवरग्रीन बना दिया. गाने के बोल लिखे मजरूह सुल्तानपुरी ने जिन्होंने इसे ऐसे नजाकत भरे अंदाज में पेश किया कि रोमांस का एंथम बन गया. वही इसे म्यूजिक से सजाकर अमर कर गए आर.डी. बर्मन. उन्होंने इस गाने में हल्की शरारत और कोमलता का खूबसूरत मिक्स किया.
जया भादुड़ी की मासूमियत और संजीव कुमार की सादगी ने जीता दिल
इस गाने में लीड रोल में संजीव कुमार और जया बच्चन थे. जया की मासूमियत भरी अदाएं और संजीव कुमार का सहज अंदाज इस गाने को और भी खास बनाता है. गाने में प्रेमिका अपने प्रेमी को बाहों में आने को कहती है जिसमें प्यार, शरारत और हल्की सकुचाहट का एक अलग मिक्स है. बात करें फिल्म ‘अनामिका' की तो ये एक रोमांटिक-सस्पेंस थ्रिलर है. इसमें संजीव कुमार एक लेखक के किरदार में हैं जो महिलाओं से नफरत करता है. एक रात वह एक लड़की को घायल पाता है. लड़की याददाश्त खो चुकी होती है और दावा करती है कि वह उसकी पत्नी है. आगे कहानी रहस्य और रोमांस से भरी होती है.
बॉक्स ऑफिस पर हिट थी अनामिका
बॉक्स ऑफिस पर ‘अनामिका' सफल रही. यह 1973 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में 12वें स्थान पर रही और हिट साबित हुई. आर.डी. बर्मन का म्यूजिक, खासकर ‘बाहों में चले आओ' और ‘मेरी भीगी भीगी सी' जैसे गानों ने फिल्म की पॉपुलैरिटी को बढ़ाने में बड़ा किरदार निभाया. आज भी यह गाना अपनी कोमलता और रोमांटिक अहसास के कारण म्यूजिक लवर्स के दिलों में बसा हुआ है.
इस गाने की पॉपुलैरिटी का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि 'सुपरहिट गाने' नाम के एक यूट्यूब चैनल पर इसे करीब तीन साल पहले अपलोड किया गया था. इसे अब तक 22 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं. यानी कि आज की जनरेशन जेन जी भी इस गाने के जादू से अछूती नहीं है.
ये Video भी देखें: कौन है वो एक्टर जो करता है सबसे ज्यादा रिहर्सल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं