45 साल पुरानी फिल्म ‘सिलसिला' आज भी हिंदी सिनेमा की सबसे चर्चित प्रेम कहानियों में गिनी जाती है. अमिताभ बच्चन, जया बच्चन और रेखा की इस फिल्म में प्रेम, शादी और रिश्तों की उलझन दिखाई गई थी. फिल्म में तीनों सितारे एक साथ नजर आए थे, इसलिए इसकी कहानी के साथ-साथ उनकी निजी जिंदगी को लेकर भी खूब चर्चा हुई. यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक सफल नहीं रही, लेकिन इसके गाने आज भी लोगों की पसंद हैं. खास बात यह है कि ‘सिलसिला' अमिताभ और रेखा की आखिरी साथ काम करने वाली फिल्म भी मानी जाती है.
पहले कुछ और सितारों को कास्ट करना चाहते थे यश चोपड़ा
‘सिलसिला' के लिए निर्देशक यश चोपड़ा की पहली पसंद जया बच्चन और रेखा नहीं थीं. वह अमिताभ बच्चन के साथ स्मिता पाटिल को पत्नी और परवीन बाबी को प्रेमिका की भूमिका में लेना चाहते थे. हालांकि, बाद में अमिताभ की सलाह पर जया बच्चन और रेखा को फिल्म में चुना गया. इस तरह फिल्म में अमिताभ, जया और रेखा की तिकड़ी बनी, जिसने रिलीज से पहले ही दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी थी.
ये Video भी देखें: द ट्रेटर्स 2 के विनर्स के खास बातचीत
असली जिंदगी के रिश्तों ने बढ़ाई फिल्म की चर्चा
फिल्म की कहानी में एक शादीशुदा पुरुष और उसकी प्रेमिका के बीच का रिश्ता दिखाया गया था. उस दौर में अमिताभ बच्चन, जया बच्चन और रेखा की निजी जिंदगी को लेकर भी काफी बातें होती थीं. ऐसे में जब तीनों एक ही फिल्म में साथ आए, तो दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई. फिल्म की शूटिंग के दौरान सेट पर तनाव और उत्सुकता की खबरें भी चर्चा में रहीं. हालांकि, फिल्म की कहानी अपने आप में एक काल्पनिक प्रेम कहानी थी.
बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली, लेकिन संगीत अमर हो गया
‘सिलसिला' में कुल 13 गाने थे, जिनमें 3 इंस्ट्रुमेंटल ट्रैक शामिल थे. फिल्म के संगीत ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई. ‘देखा एक ख्वाब' और ‘ये कहां आ गए हम' जैसे गाने आज भी सुने जाते हैं. फिल्म में अमिताभ बच्चन ने ‘रंग बरसे भीगे चुनर वाली' गाना भी गाया था, जिसने उन्हें किशोर कुमार की आवाज से अलग एक खास पहचान दी. इस गाने को उनके पिता हरिवंश राय बच्चन ने लिखा था. शानदार संगीत और बड़ी स्टारकास्ट के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही. इसके बाद अमिताभ बच्चन और रेखा ने कभी साथ काम नहीं किया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं