यूट्यूब पर जब हनुमान भजन या हनुमान चालिसा सर्च करो तो हनुमान चालिसा के कई लो-फाई वर्जन सुनने को मिलते हैं. इसके अलावा और भी कभी नए कलाकार हैं जिन्होंने हनुमान की महिमा का बखान करते हुए गीत गाए हैं. ताजा उदाहरण हनुमान अंश में इस्तेमाल हुए सुनील लोधी का गाना 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान जी...' है लेकिन हम आज किसी नए हनुमान भजन नहीं बल्कि अतीत की गलियों के एक नगीने से आपकी मुलाकात करवाने जा रहे हैं. इस गीत में स्क्रीन पर तो हनुमान जी नजर आ रहे हैं लेकिन इस गीत में उनकी राम के प्रति भक्ति की झलक दिखाई गई है. साल 1981 में आई फिल्म महाबली हनुमान में प्रभु प्रेम से भरा ये गीत मोहम्मद रफी ने गाया था.
मोहम्म रफी की आवाज में सुंदर भजन
मोहम्मद रफी जैसे लीजेंड्री सिंगर की मधुर और भक्ति रस में डूबी आवाज में भजन ‘मन की आंखों से मैं देखूं रूप सदा सियाराम का' एक खूबसूरत नंबर है. यह गीत हनुमान जी की रामभक्ति को इतने गहरे भाव से व्यक्त करता है कि सुनने वाले का दिल भर आता है. संगीतकार कमलकान्त और गीतकार उदय खन्ना ने इसे बड़ी ही खूबसूरती से रचा.
गीत के बोल और उनका मतलब
गीत की शुरुआत एक दोहे से होती है 'किस काम के यह हीरे-मोती, जिस में ना दिखे मेरे राम. राम नहीं तो मेरे लिए है व्यर्थ स्वर्ग का धाम' हनुमान जी सीता माता से मिले मोतियों के हार को तोड़कर देख रहे हैं. दरबार में सब हैरान हैं. हनुमान कहते हैं कि जिन मोतियों में मेरे राम का रूप न दिखे, वे मेरे किस काम के? अगर राम नहीं तो स्वर्ग भी बेकार है. हनुमान जी कहते हैं कि मैं बाहरी आंखों से नहीं, बल्कि मन की आंखों से हमेशा सीता-राम का रूप देखता हूं. मेरे मन के मंदिर में उनका आसन कभी खाली नहीं रहता.
फिल्म में यह सीन बहुत ही मार्मिक है. राम-सीता अयोध्या लौट आए हैं. सीता माता हनुमान जी को उपहार देना चाहती हैं. हनुमान जी राम को ही मांगते हैं. जब मोतियों का हार मिलता है तो वे उसे तोड़कर देखते हैं कि इनमें राम हैं या नहीं. लोग उन पर अपमान करने का आरोप लगाते हैं. तब हनुमान जी अपनी छाती चीरकर दिखाते हैं कि उनके हृदय में सदा सीता-राम विराजमान हैं. यह चमत्कार उनकी अटूट भक्ति का प्रमाण है.
महाबली हनुमान की कहानी
1981 में रिलीज हुई इस पौराणिक फिल्म को बाबूभाई मिस्त्री ने डायरेक्ट किया था. यह हनुमान जी के जीवन की कथा है. फिल्म में दिखाया जाता है अंजनी माता निःसंतान थीं. भगवान शिव की कृपा और पवन देव की शक्ति से हनुमान जी का जन्म हुआ. बचपन में वे सूर्य को फल समझकर निगलने की कोशिश करते हैं. इंद्र के वज्र से वे मूर्छित हो जाते हैं, लेकिन देवताओं के आशीर्वाद से अमर और अजेय बन जाते हैं. वे सूर्य से विद्या सीखते हैं और राम की खोज में निकलते हैं. फिल्म उनके बचपन की लीलाओं से लेकर राम-सीता की सेवा, लंका दहन और रामराज्य तक की यात्रा दिखाती है. इसमें हनुमान जी की शक्ति, विनम्रता और भक्ति का सुंदर चित्रण है. फिल्म में लीड कलाकार
महाबली हनुमान में कौन बना था हनुमान
फिल्म में हनुमान का किरदार स्टंट एक्टर दाउद (जिन्हें हरक्यूलिस के नाम से जाना था) ने निभाया था. वे हट्टे-कट्टे शरीर वाले अभिनेता थे और पौराणिक भूमिकाओं के लिए जाने जाते थे। इससे पहले भी उन्होंने हनुमान विजय जैसी फिल्मों में हनुमान का रोल किया था. श्रीराम का किरदार राकेश पांडे ने और सीता का किरदार कविता किरण ने निभाया.
ये Video भी देखें: कौन थे नीम करोली बाबा जिन पर बनी है फिल्म 'हनुमान अंश'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं