दिवाली करीब है और ऐसे में सोशल मीडिया पर गिफ्ट और बोनस की चर्चा जोरों पर चल रही है. कुछ लोग अपने दिलावी गिफ्ट दिखाकर लोगों को मुंह चिढ़ा रहे हैं तो वहीं कुछ लोग बोनस ना मिलने के गम में डूबे हैं. अगर आप दूसरी कैटेगरी यानी कि बोनस ना मिलने वालों में से हैं तो प्राइम वीडियो की ये मस्त रील सिर्फ और सिर्फ आपके लिए ही है. ये रील अपने उस दोस्त को भेजिए जो बोनस लेकर इतरा रहा है.
प्राइम वीडियो ने सोशल मीडिया प्यैटफॉर्म इंस्टाग्राम पर दुनिया फिल्म का एक सीन शेयर किया है. इस सीन में अमरीश पुरी अदालत में कटघरे के अंदर खड़े हैं. अपनी गवाही देते हुए अमरीश कहते हैं, मैं गरीब आदमी साहब इतने सारे रुपये देखकर घबरा गया. मैंने पूछा कि आप मुझे इतने सारे रुपये क्यों दे रहे हैं तो उन्होंने कहा कि बलवंत ये रुपये रख लो. सीन सुनकर आप समझ ही गए होंगे कि ये रील आपको किस किस तक पहुंचानी है.
दुनिया फिल्म की कहानी
दुनिया नाम से यह फिल्म 1984 में आई थी. इस फिल्म में दिलीप कुमार, ऋषि कपूर, अशोक कुमार, प्राण, अमरीश पुरी, प्रेम चोपड़ा और मैक मोहन अहम किरदारों में थे. रमेश तलवार के डायरेक्शन में बनी फिल्म की कहानी मोहन कुमार (दिलीप कुमार) से शुरू होती है, जो अपने दोस्त दिनेश की शिपिंग कंपनी में एक ईमानदार जनरल मैनेजर था. मोहन के ही दफ्तर में काम करने वाले तीन लोग जुगल किशोर (प्राण), भंडारी (प्रेम चोपड़ा) और बलवंत (अमरीश पुरी) अवैध तस्करी के धंधे में शामिल होते हैं. जब मोहन को उनकी इस करतूत का पता चलता है, तो वे तीनों मिलकर दिनेश की हत्या कर देते हैं. शातिर अपराधी कत्ल का इल्जाम मोहन कुमार पर लगा देते हैं. सबूत न जुटा पाने के चलते अदालत मोहन को 14 साल की जेल की सजा सुना देती है. इसी दौरान एक हादसे में मोहन की पत्नी की भी मौत हो जाती है और उनका बेटा रवि उनसे बिछड़ जाता है.
यह भी पढ़ें: शोले फिल्म से हटा दिए गए थे ये तीन सीन, इनमें से एक कट की वजह से नाराज हो गए अहमद और सांभा
14 साल की सजा काटकर जब मोहन जेल से बाहर आता हैं तो उनका मकसद उन तीनों धोखेबाजों से बदला लेना होता है. उनका बिछड़ा हुआ बेटा रवि (ऋषि कपूर) बड़ा होकर अनजाने में उन्हीं (जुगल किशोर के गिरोह) के लिए काम करने लगता है. कहानी में तब मोड़ आता है जब रवि और मोहन का आमना-सामना होता है. रवि को जब सच्चाई का पता चलता है कि मोहन उसके अपने पिता हैं और वे निर्दोष हैं, तो बाप-बेटे दोनों मिलकर उन तीनों अपराधियों से बदला लेते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं