रणबीर कपूर, रॉकिंग स्टार यश और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘रामायण' की एडवांस बुकिंग 20 अक्टूबर को दशहरे के शुभ अवसर पर पूरे भारत में सभी मेन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म्स पर शुरू होगी. 5 नवंबर, 2026 को दुनियाभर में होने वाली इस फिल्म की थिएट्रिकल रिलीज से पहले दर्शक प्रीमियम फॉर्मेट्स में बड़े पर्दे पर ‘रामायण' की भव्य दुनिया का अनुभव करने के लिए अपने टिकट बुक कर सकेंगे. नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी ‘रामायण' को नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है. दो पार्ट में बनने वाली इस सिनेमाई महागाथा में शानदार कलाकारों और अंतरराष्ट्रीय क्रिएटिव टीम को एक साथ लाया गया है ताकि इस कालजयी कहानी को दुनियाभर के दर्शकों के सामने भव्य रूप में प्रस्तुत किया जा सके.
फिल्म का संगीत हंस जिमर और ए.आर.रहमान ने तैयार किया है. इस सिनेमाई वर्जन के लिए दो बड़े संगीतकार एक साथ आए हैं. आईमैक्स समेत अलग अलग प्रीमियम फॉर्मेट्स में दुनियाभर में रिलीज होने वाली ‘रामायण' का मकसद भारत और अंतरराष्ट्रीय लेवल पर दर्शकों को इस महागाथा का भव्य सिनेमाई अनुभव देना है. ‘रामायण' 5 नवंबर, 2026 को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी. फिल्म का दूसरा भाग दिवाली 2027 के दौरान रिलीज होने वाला है.

‘रामायण' के लिए ए.आर.रहमान और हंस जिमर के साथ आने पर क्या बोले यश
यश ने अपना रिएक्शन शेयर करते हुए कहा, “मैं बचपन में उनके गानों पर डांस किया करता था. चिक्कुबुक्कु चिक्कुबुक्कु रेल! स्कूल के दिनों में मैं उनके सभी गानों पर डांस करता था. मैंने उनसे कहा कि मैं स्कूल और कॉलेज में उनके गानों पर डांस किया करता था. कन्नड़ लोगों के साथ उनका जुड़ाव हम जानते हैं. मुझे नहीं पता कि आज की पीढ़ी इस बारे में जानती है या नहीं. क्या आपको डांस राजा डांस गाना पता है? ‘डांस, डांस, राजा डांस' यह गाना उन्होंने ही बनाया था. उन्होंने कन्नड़ में भी कई फिल्मों के लिए काम किया है. हम बहुत खुश हैं और हमें लगता है कि आप कर्नाटक का भी हिस्सा हैं. आपने हमें इतना शानदार संगीत दिया है. ‘रामायण' का हिस्सा बनने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद.
यह भी पढ़ें: रावण दरबार में हनुमान का हंगामा, इसी एक सीन के बाद जलाकर खाक की थी सोने की लंका, वीडियो देख कहेंगे जय श्री राम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं