रामलीला के इस मौसम में सोशल मीडिया पर तरह तरह के वीडियो इंस्टाग्राम पर आ रहे हैं. लोग इन्हें खूब पसंद भी कर रहे हैं क्योंकि जिन्हें मंच के नजदीक पहुंचने का मौका नहीं मिल रहा वह कम से कम ऑनलाइन तो अपने पसंदीदा कलाकारों को दमदार किरदार निभाते देख सकते हैं. हम लेकर आए हैं रावण दरबार का एक सीन जिसमें रावण के किरदार में दमदार आवाज वाले शहबाज खान नजर आ रहे हैं. वह अपने सिंहासन पर बैठे हैं उनकी सभा में मौजूद एक सभापति हनुमान के नजदीक पहुंचने की नाकाम कोशिश करता दिख रहा है.
रावण के दरबार में हनुमान का आतंक
वीडियो में जो सीन दिखाया जा रहा है वह असल में तब का जब हनुमान अशोक वाटिका में उत्पात मचा देते हैं और इसके बाद उन्हें पकड़ कर रावण के दरबार में पेश किया जाता है. वहां पहुंचने के बाद हनुमान अपनी शक्तियों से पूरी सभा को हैरान कर देते हैं. यही वह सीन है जब रावण, हनुमान की पूंछ में आग लगाने का हुक्म देता है और इसके बाद बजरंगबली दुष्ट रावण की पूरी लंका को ही जलाकर राख कर देता है.
दर्शकों को खूब भा रही रावण की ललकार
शहबाज खान रामलीला में रावण के किरदार में खूब पसंद किए जा रहे हैं. वह रामलीला में शुरुआत से ही अलग अलग तरह के सीन कर पब्लिक को हैरान भी कर रहे हैं. एक दिन उनकी एंट्री घोड़े पर हुई थी. इसे देखकर तो सभी की चंद्रकांता शो की यादें ताजा हो गईं. चंद्रकांता में शहबाज खान यानी वीरेंद्र विक्रम सिंह अपने प्रेम से मिलने के लिए घोड़े पर दौड़ लगाता था.
चंद्रकांता की कहानी
चंद्रकांता सीरियल हिंदी के मशहूर उपन्यासकार देवकीनंदन खत्री के 1888 के उपन्यास पर बेस्ड था. ये 1994 में दूरदर्शन पर आया था और इसका क्रेज दर्शकों के सिर चढ़कर बोला था. इस फैंटेसी सीरियल को नीरजा गुलेरी ने प्रोड्यूस किया. 1994 से 1996 तक डीडी नेशनल पर प्रसारित हुए इस शो में कुल 133 एपिसोड आए. इस सीरीयल की टीआरपी आसमान छूती और विज्ञापनों का रिकॉर्ड भी बना था. एक एपिसोड में 27 मिनट से ज्यादा विज्ञापन तक चले, जो उस समय का कीर्तिमान था. सीरियल में शिखा स्वरूप ने राजकुमारी चंद्रकांता का किरदार निभाया. शहबाज खान कुंवर वीरेंद्र विक्रम सिंह बने. अखिलेंद्र मिश्र का क्रूर सिंह आज भी याद किया जाता है. इरफान खान ने बद्रीनाथ और सोमनाथ का दोहरा किरदार निभाया. मुकेश खन्ना इसमें जांबाज बने थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं