करवाचौथ का त्योहार शादीशुदा महिलाओं के लिए बेहद खास होता है. इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और खुशहाल जीवन की कामना करते हुए व्रत रखती हैं. सुबह से भूखी-प्यासी रहने के बाद रात में चांद देखने पर ही व्रत पूरा करती हैं. बॉलीवुड फिल्मों में भी इस त्योहार की परंपराओं और पति-पत्नी के रिश्ते को कई बार दिखाया गया है. लेकिन एक गाना ऐसा है, जो पिछले 40 सालों से करवाचौथ के मौके पर खूब सुनाई देता है. ऋषि कपूर पर फिल्माया गया यह गीत आज भी पतियों के लिए पत्नियों के प्यार और सम्मान को दिखाता है. आखिर कौन सा है यह गाना, आइए जानते हैं.
40 साल से करवाचौथ पर बज रहा है यह गाना
करवाचौथ के मौके पर अगर किसी गाने की चर्चा सबसे ज्यादा होती है, तो वह है ‘भला है बुरा है जैसा भी है मेरा पति मेरा देवता है'. साल 1986 में आई फिल्म ‘नसीब अपना अपना' का यह गीत आज भी लोगों के दिलों में खास जगह बनाए हुए है.
इस गाने में राधिका सरथकुमार और ऋषि कपूर नजर आए थे. फिल्म में चंदो का किरदार निभाने वाली राधिका अपने पति किशन की बुराई सुनकर दुखी हो जाती हैं. जब फराह नाज यानी राधा उनके पति को बुरा-भला कहती हैं, तो चंदो यह सब सहन नहीं कर पातीं. वह वहां से चली जाती हैं और अपने पति के लिए गाना गाने लगती हैं. इस गीत के जरिए वह बताती हैं कि पति चाहे जैसा भी हो, उसके प्रति उनका प्यार और सम्मान हमेशा बना रहेगा.
अनुराधा पौडवाल और कविता कृष्णमूर्ति ने दी आवाज
इस गाने को अनुराधा पौडवाल और कविता कृष्णमूर्ति ने अपनी आवाज दी थी. लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने इसका संगीत तैयार किया था, जबकि गीत के बोल एस.एच. बिहारी ने लिखे थे. गाने के बोल पति के प्रति पत्नी के प्यार और समर्पण को बेहद सरल तरीके से पेश करते हैं. यही वजह है कि इतने साल बाद भी यह गीत करवाचौथ के मौके पर खूब पसंद किया जाता है.
क्या थी फिल्म की कहानी?
टी. रामा राव के निर्देशन में बनी ‘नसीब अपना अपना' की कहानी दो दोस्तों भीम शंकर और रामलाल से शुरू होती है. भीम अपने दोस्त से वादा करता है कि वह अपने बेटे किशन की शादी उसकी बेटी चंदो से करवाएगा. बड़े होने पर दोनों की शादी हो जाती है, लेकिन किशन इस रिश्ते से खुश नहीं होता. बाद में किशन की जिंदगी में राधा आती है.
धीरे-धीरे किशन को अपनी पत्नी चंदो की अच्छाइयों का एहसास होने लगता है और उसके लिए प्यार बढ़ने लगता है. फिल्म में ऋषि कपूर, राधिका सरथकुमार, फराह नाज, अमरीश पुरी, सत्येन कप्पू, सीमा देव और राकेश बेदी जैसे कलाकार नजर आए थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं