90 के दशक में कुछ गाने ऐसे थे, जिन्हें सुनते ही पुराने दिनों की यादें ताजा हो जाती हैं. शादी-ब्याह हो या कोई पारिवारिक समारोह, इन गानों के बिना महफिल अधूरी लगती थी. ऐसा ही एक गाना है ‘काली तेरी चोटी है, परांदा तेरा लाल नी', जो आज भी लोगों को थिरकने पर मजबूर कर देता है. साल 1990 में रिलीज हुई फिल्म ‘बहार आने तक' का यह गाना उस दौर में खूब लोकप्रिय हुआ था. अनुराधा पौडवाल और मंगल सिंह की आवाज में सजे इस गीत को रेडियो से लेकर टीवी तक खूब सुना जाता था. गाने में अभिनेत्री रूपा गांगुली नजर आई थीं, जिन्हें बाद में बीआर चोपड़ा के सीरियल ‘महाभारत' में द्रौपदी के किरदार से घर-घर पहचान मिली.
पंजाबी लोक अंदाज ने गाने को बनाया यादगार
‘काली तेरी चोटी है, परांदा तेरा लाल नी' अपने बोल और संगीत की वजह से बाकी गानों से अलग पहचान बनाने में कामयाब रहा. इसके बोलों में पंजाबी संस्कृति और पारंपरिक साज-सज्जा की झलक मिलती है. चोटी में बंधे लाल परांदे का जिक्र करते हुए गाने को बेहद दिलचस्प अंदाज में पेश किया गया है. इंदीवर ने इसके बोल लिखे थे, जबकि संगीतकार राजेश रोशन ने इसकी धुन तैयार की थी. अनुराधा पौडवाल और मंगल सिंह की आवाज ने गाने में ऐसी मस्ती घोली कि यह देखते ही देखते लोगों की पसंद बन गया. इसकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सालों बाद भी यह गाना शादी और पार्टियों में खूब बजता है.
द्रौपदी के किरदार से मिली रूपा गांगुली को पहचान
इस गाने में नजर आईं रूपा गांगुली को दर्शकों ने बाद में टीवी की दुनिया में खूब पसंद किया. बीआर चोपड़ा के मशहूर धारावाहिक ‘महाभारत' में उन्होंने द्रौपदी का किरदार निभाया था. 1988 से 1990 के बीच प्रसारित हुए इस सीरियल ने उन्हें देशभर में लोकप्रिय बना दिया. द्रौपदी के रूप में उनका अभिनय आज भी दर्शकों के जेहन में ताजा है. हालांकि, बहुत से लोग शायद यह नहीं जानते कि रूपा गांगुली ने फिल्म ‘बहार आने तक' में रमा का किरदार भी निभाया था. फिल्म में उनके साथ सुमीत सहगल, मून मून सेन, तारिक शाह और नवीन निश्चल जैसे कलाकार भी नजर आए थे.
गानों की वजह से आज भी याद की जाती है फिल्म
तारिक शाह के निर्देशन में बनी ‘बहार आने तक' साल 1990 में रिलीज हुई थी. फिल्म की कहानी दो दोस्तों और उनके अतीत से जुड़ी घटनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है. हालांकि, समय के साथ फिल्म से ज्यादा इसके गाने लोगों की यादों में रह गए. ‘काली तेरी चोटी है' के अलावा भी इसके कई गीत उस दौर में पसंद किए गए थे. करीब 36 साल बाद भी इस गाने का क्रेज कम नहीं हुआ है. इसकी धुन बजते ही पुराने दौर की यादें ताजा हो जाती हैं. यही वजह है कि अनुराधा पौडवाल और मंगल सिंह की आवाज में सजा यह गीत आज भी 90 के दशक के संगीत प्रेमियों के लिए खास है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं