जन्मदिन का मौका हो और अपनों की दुआएं साथ हों, तो खुशी अपने आप दोगुनी हो जाती है. ऐसे खास दिन पर कही गई एक छोटी-सी शुभकामना भी उम्र भर याद रह सकती है. कोई किसी के लिए लंबी उम्र मांगता है, तो कोई हर दिन को त्योहार जैसा देखने की कामना करता है. हिंदी सिनेमा के कुछ गानों ने इसी खूबसूरत एहसास को सुरों में ढालकर हमेशा के लिए यादगार बना दिया है. ऐसा ही एक गाना 67 साल पहले आया था, जो आज तक पुराना नहीं हुआ है.
ये बर्थडे का मशहूर गाना
हम बात कर रहे हैं सदाबहार गीत 'तुम जियो हजारों साल' की, जिसे आशा भोसले ने अपनी खूबसूरत आवाज दी थी. यह गाना साल 1959 में रिलीज हुई फिल्म 'सुजाता' का हिस्सा था. फिल्म का निर्देशन दिग्गज डायरेक्टर बिमल रॉय ने किया था. इसके संगीत की जिम्मेदारी एसडी बर्मन ने संभाली थी, जबकि गाने के बोल मशहूर गीतकार मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखे थे.
आशा भोसले की आवाज ने गीत को बनाया खास
'तुम जियो हजारों साल' में आशा भोसले की आवाज की चंचलता और मिठास सुनने वालों को खूब पसंद आती है. एसडी बर्मन की संगीत रचना और मजरूह सुल्तानपुरी के सरल शब्द इस गीत को खास बनाते हैं. यह गाना करीब तीन मिनट का है और अपनी छोटी-सी अवधि में खुशियों का पूरा माहौल तैयार कर देता है.
नूतन और सुनील दत्त की फिल्म में सजे थे कई यादगार गाने
'सुजाता' में नूतन और सुनील दत्त मुख्य भूमिका में नजर आए थे. इनके अलावा शशिकला, ललिता पवार, तरुण बोस और बेबी फरिदा जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा थे. फिल्म की कहानी जातिगत भेदभाव और इंसानियत जैसे गंभीर मुद्दों को सामने रखती है.
फिल्म में नूतन ने सुजाता का किरदार निभाया था, जिसे एक ब्राह्मण परिवार गोद लेता है, लेकिन जाति के कारण उसे अपनाने में परिवार को मुश्किल होती है. सुनील दत्त ने अधीर की भूमिका निभाई थी. फिल्म के दूसरे गाने भी काफी लोकप्रिय हुए. इनमें 'जलते हैं जिसके लिए', 'काली घटा छाए' और 'नन्ही कली सोने चली' खास तौर पर याद किए जाते हैं.
यह भी पढ़ें | 45 साल पुरानी भोजपुरी फिल्म में गूंजीं रफी, किशोर, आशा और उषा की आवाज, सालों बाद भी लोगों की जुबान पर हैं गाने
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं