विज्ञापन

30 दिन, चार शुक्रवार, 14 फिल्में, सितंबर 2026 में होगी फिल्मों की बरसात, चौथी वाली में साउथ सुपरस्टार, जिसने अक्षय संग दी थी 2024 की बिगेस्ट फ्लॉप

सितंबर 2026 में एक के बाद एक कई फिल्में सिनेमाघरों में पहुंचने वाली हैं. मिर्जापुर: द मूवी और हैवान से लेकर दायरा, द पैराडाइज और द व्वान तक कई बड़ी फिल्मों पर दर्शकों की नजर रहेगी.

30 दिन, चार शुक्रवार, 14 फिल्में, सितंबर 2026 में होगी फिल्मों की बरसात, चौथी वाली में साउथ सुपरस्टार, जिसने अक्षय संग दी थी 2024 की बिगेस्ट फ्लॉप
30 दिन, चार शुक्रवार, 14 फिल्में, सितंबर 2026 में होगी फिल्मों की बरसात
NDTV

सितंबर 2026 में फिल्मी दर्शकों के लिए सिनेमाघरों में काफी कुछ देखने को मिलने वाला है. इस महीने अक्षय कुमार, सिद्धार्थ मल्होत्रा, नानी, मनोज बाजपेयी और करीना कपूर खान जैसे सितारे बड़े पर्दे पर अलग-अलग अंदाज में नजर आएंगे. इस महीने एक-दो नहीं, बल्कि 14 फिल्में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली हैं. अक्षय कुमार और सैफ अली खान की 'हैवान' से लेकर करीना कपूर खान की 'दायरा', नानी की 'द पैराडाइज' और सिद्धार्थ मल्होत्रा की 'द व्वान' तक कई बड़ी फिल्में लाइन में हैं. खास बात यह है कि कई फिल्मों की रिलीज डेट एक ही है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा.

4 सितंबर को तीन फिल्मों से खुलेगा सितंबर का खाता

महीने की शुरू में ही 4 सितंबर को तीन फिल्में रिलीज हो रही हैं. सबसे ज्यादा चर्चा 'मिर्जापुर: द मूवी' की है, जो लोकप्रिय वेब सीरीज की दुनिया को बड़े पर्दे पर लेकर आ रही है. फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु समेत सीरीज के कई पुराने चेहरे नजर आएंगे. इसकी एडवांस बुकिंग 31 अगस्त से शुरू हो गई है. इसी दिन 'जीवन बीमा योजना' भी रिलीज होगी. अभिषेक डोगरा के निर्देशन में बनी इस क्राइम-कॉमेडी में अरशद वारसी डबल रोल में हैं. संजीदा शेख और विजय राज भी फिल्म का हिस्सा हैं.

हॉलीवुड से 'हाउ टू रॉब ए बैंक' भी इसी दिन आएगी. डेविड लीच की इस एक्शन-थ्रिलर में निकोलस हॉल्ट मुख्य भूमिका में हैं. कहानी बैंक लूटने वाले ऐसे गिरोह के इर्द-गिर्द है, जो अपनी डकैती को सोशल मीडिया पर लाइव स्ट्रीम करता है.

11 सितंबर को आमने-सामने होंगे मनोज बाजपेयी और अक्षय-सैफ

11 सितंबर को दो अलग मिजाज की फिल्में रिलीज होंगी. 'लास्ट मैन इन टावर' में मनोज बाजपेयी एक रिटायर्ड शिक्षक के किरदार में हैं, जो एक रियल एस्टेट डेवलपर के खिलाफ खड़ा होता है. यह फिल्म अरविंद अडिगा के चर्चित उपन्यास पर आधारित है. इसी दिन 'हैवान' सिनेमाघरों में आएगी. प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस सस्पेंस क्राइम-थ्रिलर में अक्षय कुमार पहली बार खतरनाक विलेन के रूप में नजर आएंगे. सैफ अली खान, बोमन ईरानी और सैयामी खेर भी फिल्म में हैं.

18 सितंबर को पांच फिल्मों का क्लैश

सितंबर का सबसे बड़ा बॉक्स ऑफिस मुकाबला 18 सितंबर को देखने को मिलेगा, जब एक साथ पांच फिल्में रिलीज होंगी. करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की 'दायरा' मेघना गुलजार की इन्वेस्टिगेटिव क्राइम-थ्रिलर है. पृथ्वीराज सुकुमारन ने 2024 में अक्षय कुमार के साथ सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्म बड़े मियां छोटे मियां दी थी. दूसरी तरफ कुणाल खेमू की 'वाइब' एक्शन-कॉमेडी है, जिसमें कुणाल के साथ प्रीति जिंटा और स्पर्श श्रीवास्तव नजर आएंगे.

इसी दिन 'लव लॉटरी' भी आएगी, जो मर्डर मिस्ट्री और लीगल ड्रामा के कॉन्बिनेशन वाली फिल्म है. इसके अलावा हॉलीवुड की 'रेजिडेंट इविल' और हिंदी ड्रामा-थ्रिलर 'भारत देश है मेरा' भी इसी तारीख को सिनेमाघरों में पहुंचेंगी.

आखिरी हफ्ते में भी जबरदस्त होगा धमाल

24 सितंबर को साउथ स्टार नानी की पैन-इंडिया फिल्म 'द पैराडाइज' रिलीज होगी. 1980 के दशक के सिकंदराबाद की पृष्ठभूमि पर बनी इस एक्शन फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है. 25 सितंबर को तीन फिल्में आमने-सामने होंगी.

सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की 'द व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' फैंटेसी-एक्शन फिल्म है. कहानी एक प्रतिबंधित जंगल और वहां जागने वाली प्राचीन शक्तियों के इर्द-गिर्द घूमती है. इसी दिन ब्रैड पिट की 'हार्ट ऑफ द बीस्ट' भी रिलीज होगी. यह सर्वाइवल थ्रिलर है, जिसमें वह एक पूर्व नेवी सील अधिकारी की भूमिका में हैं, जो अपने मिलिट्री डॉग के साथ अलास्का के जंगल में फंस जाता है. तीसरी फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा - श्री राम की' है. यह पौराणिक फिल्म भगवान हनुमान के दृष्टिकोण से रामायण की कथा पेश करेगी.

ये भी पढ़ें: 1 से 4 सितंबर के बीच नेटफ्लिक्स पर लगेगा मनोरंजन का मेला, रिलीज होंगी ये 9 फिल्में और वेब सीरीज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
September 2026 Movies, Mirzapur, Haiwaan, Daayra, Vvan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com