'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' टीवी की दुनिया का वो नाम, जिसे सुनते ही तुलसी, मिहिर और शांति निकेतन की याद आ जाती है. गुजराती परिवार पर आधारित एकता कपूर का ये सीरियल साल 2000 में स्टार प्लस पर शुरू हुआ था और करीब 8 साल तक दर्शकों के बीच छाया रहा. 3 जुलाई 2000 से 6 नवंबर 2008 तक चले इस शो के कुल 1833 एपिसोड आए. स्मृति ईरानी और अमर उपाध्याय की जोड़ी ने इसे घर-घर पहचान दिलाई. सीरियल का टाइटल सॉन्ग भी खूब लोकप्रिय हुआ. इस गाने को प्रिय भट्टाचार्य ने गाया था, जिन्होंने एकता कपूर के हर के से स्टार्ट होने वाले सीरियल के टाइटल सॉन्ग को अपनी आवाज दी थी.
टाइटल सॉन्ग दशकों बाद भी लोगों को याद
'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' सीरियल को दर्शकों ने खूब पसंद किया. इसके साथ ही इसका टाइटल सॉन्ग जिसमें तुलसी अपने घर के अंदर की झलक दिखाती हैं. ये गाना इतना फेमस हुआ कि आज भी लोग इस गाने को अपने घर को दिखाते वक्त वीडियोज में लगाते हैं. इस गाने के बोल, संगीत और वीडियो ने लोगों के दिलों में एक खास जगह बनाई. इस गाने के बोल नवाब आरजू ने लिखे थे और इसका संगीत ललित सेन ने तैयार किया था.
रिश्तों के भी रूप बदलते हैं,नए-नए सांचे में ढलते हैं,एक पीढ़ी आती है, एक पीढ़ी जाती है,बनती कहानी नई...
क्योंकि सास भी कभी बहू थी,हाँ, सास भी कभी बहू थी,क्योंकि सास भी कभी बहू थी...
खेलने वाले बैठ के देखेंगे,नए खिलाड़ी खेल ये खेलेंगे,
रिश्तों का रंग बदला, नातों का ढंग बदला,आईना अब फिर भी वही.
क्योंकि सास भी कभी बहू थी,हाँ, सास भी कभी बहू थी, क्योंकि सास भी कभी बहू थी...
तुलसी और मिहिर की जोड़ी बनी पहचान
सीरियल की कहानी विरानी परिवार और उनके घर शांति निकेतन के इर्द-गिर्द घूमती थी. इसमें परिवार के रिश्ते, सास-बहू के बीच के उतार-चढ़ाव और बदलते समय के साथ घर की परंपराओं को दिखाया गया था. स्मृति ईरानी ने तुलसी विरानी का किरदार निभाया, जबकि अमर उपाध्याय मिहिर विरानी के रूप में नजर आए. तुलसी का किरदार दर्शकों को इतना पसंद आया कि स्मृति ईरानी की पहचान ही तुलसी के नाम से होने लगी. वहीं, मिहिर के रूप में अमर उपाध्याय भी खूब लोकप्रिय हुए. दोनों की जोड़ी टीवी की यादगार जोड़ियों में गिनी जाती है.
1833 एपिसोड और 8 साल का सफर
शो की सबसे बड़ी खासियत इसकी लंबी कहानी और लगातार बदलते रिश्ते थे. करीब आठ साल तक प्रसारित हुए इस सीरियल ने 1833 एपिसोड पूरे किए. इस दौरान परिवार में कई पीढ़ियां बदलीं और कहानी में नए किरदार जुड़ते गए. सीरियल की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके किरदार और कहानी लंबे समय तक दर्शकों की बातचीत का हिस्सा बने रहे. तुलसी का संस्कार और परिवार के लिए उनका संघर्ष शो की पहचान बन गया.
25 साल बाद फिर लौटी तुलसी
सीरियल की लोकप्रियता आज भी बरकरार है. 25 साल पूरे होने के मौके पर इसका दूसरा सीजन क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2 शुरू हुआ. इसमें स्मृति ईरानी एक बार फिर तुलसी विरानी के किरदार में लौटीं, जबकि अमर उपाध्याय ने मिहिर की भूमिका निभाई. नया सीजन 29 जुलाई 2025 को स्टार प्लस पर शुरू हुआ और जियोहॉटस्टार पर भी उपलब्ध है.
नए सीजन में पुराने किरदारों की यादों के साथ नई पीढ़ी की कहानी भी दिखाई जा रही है. शांति निकेतन और विरानी परिवार एक बार फिर दर्शकों के बीच चर्चा में हैं. इस वापसी ने पुराने दर्शकों को उनकी पसंदीदा तुलसी-मिहिर की जोड़ी की याद दिला दी है.
ये Video भी देखें: द ट्रेटर्स 2 के विनर्स के खास बातचीत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं