नेटफ्लिक्स पर हर हफ्ते कई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होती हैं. इनमें से कुछ दर्शकों के दिलों जीत लेती हैं तो कुछ थोड़े समय बाद गायब हो जाती हैं. लेकिन इन दिनों नेटफ्लिक्स पर एक फिल्म का जलवा देखने को मिल रहा है. जिसे लोग हाथों हाथ ले रहे हैं और जमकर देख रहे हैं. करीब 2 घंटे 40 मिनट लंबी यह इमोशनल फिल्म नेटफ्लिक्स पर हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम समेत पांच भाषाओं में टॉप पर ट्रेंड कर रही है. इस फिल्म का नाम 'विश्वनाथ एंड संस' है.
विश्वनाथ एंड संस की कास्ट
'विश्वनाथ एंड संस' साउथ सिनेमा की फिल्म है, जिसमें सुपरस्टार सूर्या, राजीव मेनन, ममिता बैजू, राधिका सरथकुमार, रवीना टंडन,नस्सार और रघु बाबू जैसे कलाकार हैं. यह फिल्म अगस्त में सिनेमाघरों में रिलीज हुई, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की थी. इसके बाद यह हाल ही में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है, जिसे दर्शकों को भरपूर प्यार मिल रहा है. फिल्म को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सभी भाषा में खूब देखा जा रहा है.
विश्वनाथ एंड संस की कहानी
'विश्वनाथ एंड संस' की कहानी सूर्या के इर्द-गिर्द घूमती है. वह एक सफल बिजनेसमैन और ओलंपिक मेडलिस्ट शूटर हैं. पिता से खराब रिश्ते के कारण सूर्या शादी से दूर रहते हैं. मां की इच्छा पूरी करने के लिए वे सरोगेसी के जरिए एक बेटे के पिता बनते हैं. बाद में बच्चे को बोन मैरो डिसऑर्डर जैसी गंभीर बीमारी हो जाती है. इलाज के लिए सरोगेट मदर मैडी ममिता बैजू को घर लाना पड़ता है. यहीं से संजय की जिंदगी में बड़े बदलाव आते हैं. फिल्म में कॉमेडी, भावनाएं और पारिवारिक रिश्तों का सुंदर मेल देखने को मिलता है.
विश्वनाथ एंड संस का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
वेंकी अटलूरी के निर्देशन में बनी 'विश्वनाथ एंड संस' में सूर्या के साथ ममिता बैजू लीड रोल में हैं. संगीत जीवी प्रकाश कुमार ने दिया है, जो हर भावुक सीन को और गहरा बनाता है. 14 अगस्त को थिएटर्स में रिलीज हुई विश्वनाथ एंड संस' ने दुनियाभर में 209 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की. भारत में अकेले 141 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ. यह 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तमिल फिल्मों में शुमार है. 11 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर आने के बाद पिछले एक हफ्ते से यह फिल्म टॉप 10 लिस्ट में लगातार नंबर 1 बनी हुई है. आईएमडीबी पर विश्वनाथ एंड संस' को 7.3 रेटिंग मिली है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं