विज्ञापन
This Article is From Aug 12, 2017

नीतीश की बड़ी कार्रवाई, राज्यसभा में शरद यादव की जेडीयू के नेता पद से छुट्टी

शरद यादव ने बिहार में भाजपा के साथ हाथ मिलाने के पार्टी के फैसले का विरोध किया था जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा.

नीतीश की बड़ी कार्रवाई, राज्यसभा में शरद यादव की जेडीयू के नेता पद से छुट्टी
शरद यादव की जगह आरसीपी सिंह को जेडीयू नेता नियुक्ति किया गया है...
  • शरद यादव भाजपा के साथ हाथ मिलाने के पार्टी के फैसले का विरोध किया था
  • राज्यसभा के सांसदों ने सभापति एम वेंकैया नायडू से मुलाकात की
  • राज्यसभा में जदयू के 10 सदस्य हैं, अली अनवर अंसारी निलंबित
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली: जनता दल (यू) ने राज्यसभा सदस्य शरद यादव को शनिवार को राज्यसभा में पार्टी के नेता पद से हटा दिया. पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि उनकी जगह आरसीपी सिंह ने ली. यादव ने बिहार में भाजपा के साथ हाथ मिलाने के पार्टी के फैसले का विरोध किया था. पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि इससे पहले राज्यसभा के सांसदों ने सभापति एम वेंकैया नायडू से मुलाकात की और उच्च सदन में सिंह को जदयू का नेता नियुक्त करने संबंधी पत्र उन्हें सौंपा. सिंह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विश्वासपात्र समझे जाते हैं.

राज्यसभा में जदयू के 10 सदस्य हैं. इसके पहले पार्टी ने कल रात अपने राज्यसभा सदस्य अली अनवर अंसारी को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा बुलाई गई विपक्षी दलों की बैठक में शामिल होने के कारण संसदीय दल से निलंबित कर दिया था. नीतीश कुमार और शरद यादव के बीच मतभेद तब सामने आए थे जब पिछले महीने नीतीश ने कांग्रेस और राजद के साथ संबंध खत्म कर बिहार में नई सरकार बनाने के लिए भाजपा से हाथ मिला लिए थे.

पढ़ें: एमपी, यूपी से लेकर बिहार की राजनीति में परचम लहराने वाले शरद यादव का राजनीतिक सफर

बिहार दौरे के दौरान शरद यादव ने कहा था कि उनका अभी भी यही मानना है कि वह राजद और कांग्रेस के साथ महागठबंधन का हिस्सा हैं. जदयू केवल नीतीश कुमार की ही पार्टी नहीं है बल्कि उनकी भी पार्टी है. यादव ने यह भी दावा किया था कि असल जदयू उनके साथ है जबकि नीतीश के साथ सरकारी जदयू है. इधर, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज ट्वीट कर कहा कि सत्तारूढ़ राजग में शामिल होने के लिए नीतीश को उन्होंने आमंत्रित किया है.

VIDEO : आरसीपी सिंह लेंगे जेडीयू की जगह

जदयू ने अपने राज्यसभा सदस्य अली अनवर अंसारी को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा बुलाई गई विपक्षी दलों की बैठक में शामिल होने की वजह से पहले ही संसदीय दल से निलंबित कर चुकी है. पार्टी के प्रवक्ता के सी त्यागी ने बताया कि कांग्रेस नीत संप्रग से जदयू द्वारा अपने रिश्ते खत्म करने के बावजूद विपक्षी दलों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए अंसारी को संसदीय दल से निलंबित किया गया है. अंसारी ने जदयू अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की, बिहार में गठबंधन से अलग हो जाने और भाजपा के साथ मिल कर सरकार बनाने के लिए आलोचना की थी.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com