विज्ञापन
This Article is From May 04, 2019

ब्रजेश ठाकुर और अन्य ने 11 लड़कियों की हत्या की, श्मशान घाट से 'हड्डियों की पोटली' बरामद: सुप्रीम कोर्ट में CBI का सनसनीखेज खुलासा

शीर्ष अदालत में दायर अपने हलफनामे में, सीबीआई ने कहा कि जांच के दौरान दर्ज पीड़ितों के बयानों में 11 लड़कियों के नाम सामने आये हैं जिनकी ठाकुर और उनके सहयोगियों ने कथित रूप से हत्या की थी.

ब्रजेश ठाकुर और अन्य ने 11 लड़कियों की हत्या की,  श्मशान घाट से 'हड्डियों की पोटली' बरामद: सुप्रीम कोर्ट में CBI का सनसनीखेज खुलासा
मुजफ्फरपुर कांड का मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर (फाइल फोटो)
  • सुप्रीम कोर्ट में सीबीआई ने सनसनीखेज खुलासा किया है.
  • सीबीआई ने कहा है कि ब्रजेश ठाकुर ने 11 लोगों की हत्या की है.
  • मुजफ्फरपुर कांड का मुख्य आरोपी है ब्रजेश ठाकुर
नई दिल्ली:

केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय में सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा कि मुजफ्फरपुर आश्रय गृह यौन उत्पीड़न मामले के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर और उसके सहयोगियों ने 11 लड़कियों की कथित रूप से हत्या की थी और एक श्मशान घाट से ‘‘हड्डियों की पोटली'' बरामद हुई है. बता दें कि मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड में करीब 34 लड़कियों के साथ रेप का मामला सामने आया था. इस मामले में सुप्रीम कोर्ट बिहार सरकार को भी कई बार फटकार लगा चुकी है.

'मेरी लड़ाई जेल और बेल वालों से': गिरिराज सिंह बोल रहे थे, मंच पर हंस रही थीं मुजफ्फरपुर कांड में जमानत पर रिहा मंजू वर्मा

सुप्रीम कोर्ट में दायर अपने हलफनामे में सीबीआई ने कहा कि जांच के दौरान दर्ज पीड़ितों के बयानों में 11 लड़कियों के नाम सामने आये हैं जिनकी ठाकुर और उनके सहयोगियों ने कथित रूप से हत्या की थी. एजेंसी ने कहा कि एक आरोपी की निशानदेही पर एक श्मशान घाट के एक खास स्थान की खुदाई की गई जहां से हड्डियों की पोटली बरामद हुई है. गौरतलब है कि बिहार के मुजफ्फरपुर में एक एनजीओ द्वारा संचालित आश्रय गृह में कई लड़कियों का कथित रूप से बलात्कार और यौन उत्पीड़न किया गया था और टाटा सामाजिक विज्ञान संस्थान की रिपोर्ट के बाद यह मुद्दा उछला था.

इस मामले की जांच सीबीआई को स्थानान्तरित की गई थी और एजेंसी ने ठाकुर सहित 21 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया था. सीबीआई ने कहा, ‘‘जांच के दौरान, जांच अधिकारियों और राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य एवं न्यूरो विज्ञान संस्थान द्वारा दर्ज पीड़ितों के बयान में 11 लड़कियों के नाम सामने आए हैं जिनकी आरोपी ब्रजेश ठाकुर तथा उसके सहयोगियों ने कथित रूप से हत्या कर दी थी.'' सीबीआई ने एक आवेदन पर हलफनामा दायर करते हुए कहा, ‘‘गुड्डू पटेल नाम के एक आरोपी से पूछताछ के दौरान खुलासे वाले तथ्यों के आधार पर, आरोपी की निशानदेही पर श्मशान घाट में एक खास स्थान की खुदाई की गई और मौके से हड्डियों की एक पोटली बरामद हुई है.''  

मुजफ्फरपुर शेल्टर होम मामले में सोमवार को सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट, यहां जानिए वजह

इस मामले में प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई और न्यायमूर्ति दीपक गुप्ता की पीठ ने शुक्रवार को सुनवाई की. पीठ ने कहा कि वह आवेदन पर सीबीआई को औपचारिक नोटिस जारी करेगी और एजेंसी चार सप्ताह के भीतर इसका जवाब दायर करेगी.  पीठ ने संक्षिप्त दलीलों के बाद इस मामले में आगे की सुनवाई के लिए छह मई की तारीख तय की. (इनपुट भाषा से)

VIDEO: मुजफ्फरपुर शेल्टर होम केस मामले में बिहार सरकार को सुप्रीम कोर्ट की फटकार


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Brajesh Thakur, Muzaffarpur Shelter Home Case, Muzaffarpur Shelter Home Rape Case, CBI, Supreme Court, Brajesh Thakur Muzaffarpur, Muzaffarpur
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com