विज्ञापन
This Article is From Nov 26, 2018

लोजपा नेता चिराग पासवान का केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा पर निशाना, बोले- 'दो नावों की सवारी' ठीक नहीं

चिराग पासवान ने कहा कि उन्हें (कुशवाहा) को तय करना चाहिए कि क्या उन्हें NDA में बने रहना है या नहीं.

लोजपा नेता चिराग पासवान का केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा पर निशाना, बोले- 'दो नावों की सवारी' ठीक नहीं
चिराग पासवान ने उपेंद्र कुशवाहा की खिंचाई की है.
  • चिराग पासवान ने की उपेंद्र कुशवाहा की खिंचाई
  • कहा- एक साथ दो नाव की सवारी ठीक नहीं है
  • बिहार में अभी भी सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है
पटना:

बिहार में जारी सियासी उठापटक और उपेंद्र कुशवाहा  (Upendra Kushwaha) के एनडीए का साथ छोड़ने की खबरों के बीच अब रामविलास पासवान की पार्टी लोजपा (लोक जनशक्ति पार्टी) ने उनपर निशाना साधा है और ‘दो नावों की सवारी' को लेकर चेताया है. लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने बीते दिनों केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की आरजेडी नेता तेजस्वी यादव से मुलाकात का हवाला देते हुए कहा कि उन्हें (कुशवाहा) को तय करना चाहिए कि क्या उन्हें NDA में बने रहना है या नहीं. चिराग पासवान ने कहा, ‘समयसीमा तय कर और प्रधानमंत्री के सिवाय किसी और से बात नहीं करने का रुख अपना कर आप दबाव की रणनीति का सहारा ले रहे हैं. इसके अलावा, वह मुख्यमंत्री के खिलाफ बोल रहे हैं. आप गठबंधन का हिस्सा रहते हुये राजग के घटकों के खिलाफ नहीं बोल सकते हैं. यह दो नावों में सवारी के जैसा है'. आपको बता दें कि बिहार में एनडीए के घटक दलों के बीच 2019 के लोकसभा चुनावों के लिए सीटों की संख्या पर अभी भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है.

यह भी पढ़ें- नीतीश कुमार के खिलाफ अभियान में उपेंद्र कुशवाहा ने बीजेपी को भी घसीटा

उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी ने बिहार में एनडीए सहयोगियों के बीच सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप देने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया है. कुशवाहा ने कहा है कि 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए राजग ने उनकी पार्टी को जितनी सीटों का प्रस्ताव दिया है वह ‘सम्मानजनक नहीं' है. पिछले दिनों रालोसपा मुखिया और केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने साफ कहा था कि सीट बंटवारे के मुद्दे पर वह बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मिलने की जगह सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे. कुशवाहा ने चेतावनी दी कि अगर सीट शेयरिंग फार्मूले पर सहमति नहीं बनी तो 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी. उपेंद्र कुशवाहा ने एक प्रेस कांफ्रेंस में नीतीश कुमार के कथित नीच वाले बयान को लेकर निशाना साधा और कहा कि अब पार्टी ऊंच-नीच विरोध दिवस भी मनाएगी. उन्होंने कहा कि नीतीश  सरकार में कानून व्यवस्था की स्थिति बदहाल होती जा रही है. मगर सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है. उन्होंने नीतीश कुमार सरकार से अपराध की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की. 

यह भी पढ़ें- उपेंद्र कुशवाहा ने की शरद यादव से मुलाकात, अटकलों को मिली हवा

उपेंद्र कुशवाहा ने आरोप लगाया था कि उनकी पार्टी को तोड़ने की कोशिश हो रही है. इसका ठीकरा उन्होंने नीतीश कुमार पर फोड़ते हुए कहा कि इसके लिए नीतीश कुमार सीधे ज़िम्मेदार हैं और खुद मुख्यमंत्री पार्टी नेताओं को प्रलोभन दे रहे हैं ये घृणित काम हैं . नीतीश कुमार को ऐसी कोशिशों से बाज आना चाहिए.  सीट शेयरिंग पर कुशवाहा ने कहा कि लगातार कोशिश की है. हमारी बात भूपेन्द्र यादव से हुई और उनके स्तर से जो सीट संख्या ऑफर की गई उसे पार्टी की बैठक में ठुकरा दिया गया. कुशवाहा ने कहा कि इस महीने के अंत तक सीट शेयरिंग पर बातचीत कर समाधान करने की कोशिश करेंगे. उन्होंने दावा करते हुए कहा कि वह अमित शाह से बात नहीं करेंगे. कोशिश होगी कि प्रधानमंत्री से मिलकर इस सीट शेयरिंग का समाधान निकाला जाए. (इनपुट- भाषा से भी)

वीडियो- एनडीए छोड़ सकते हैं उपेंद्र कुशवाहा 



 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chirag Paswan, Upendra Kushwaha, 2019 Elections, Bihar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com