विज्ञापन

बिहार में बरसी आसमानी आफत, पटना समेत कई जिलों में आंधी-बारिश के तांडव में 12 लोगों की मौत

भीषण गर्मी के बाद बिहार में अचानक बदले मौसम ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया और 12 लोगों की मौत हो गई. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया है.

बिहार में बरसी आसमानी आफत, पटना समेत कई जिलों में आंधी-बारिश के तांडव में 12 लोगों की मौत
बिहार में बरसी आसमानी आफत (File Photo)
IANS

बिहार में सोमवार की शाम कुदरत का कहर बनकर टूटा. भीषण गर्मी के बाद अचानक बदले मौसम ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है. पटना समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश के साथ गिरी बिजली ने 12 लोगों की जान ले ली. सबसे ज्यादा तबाही पूर्वी चंपारण, गया और औरंगाबाद में देखने को मिली. आसमान में छाए काले बादलों ने दिन में ही अंधेरा कर दिया. फिर आंधी और बारिश से मौत का तांडव किया. आंधी-बारिश और बिजली गिरने से हुई मौत पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख जताया और पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये की मदद देने का ऐलान किया है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. 

प्रदेशभर में 12 लोगों की मौत

दरअसल, राजधानी पटना समेत कई हिस्सों में सोमवार शाम अचानक मौसम बदल गया और बिजली गिरने, आंधी चलने व तेज बारिश ने भारी तबाही मचाई. इस दौरान अलग-अलग जगहों पर 12 लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों ने बताया कि दोपहर की भीषण गर्मी के बाद शाम करीब चार बजे आसमान में घने बादल छा गए, जिससे अधिकांश इलाकों में अंधेरा हो गया. इसके बाद तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई.

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी एक बयान के अनुसार पूर्वी चंपारण में पांच, गया जिले में चार और औरंगाबाद जिले में तीन लोगों की मौत हुई है. मौसम विभाग ने हालांकि पटना समेत आसपास के जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की थी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इन घटनाओं पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है.

Latest and Breaking News on NDTV

4-4 लाख रुपये आर्थिक मदद का ऐलान

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया है. साथ ही लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है. सोमवार की शाम मौसम बुलेटिन के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान बिहार राज्य के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है.

इसके बाद अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3-4°C की गिरावट होने की संभावना है. इसके बाद राज्य के कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है. अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-3°C की गिरावट होने की संभावना है, इसके पश्चात अगले 2-3 दिनों में 2-4°C की वृद्धि की संभावना है.

लेखक के बारे में
img
श्यामजी तिवारी
Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Bihar Weather, Bihar Weather Alert, Bihar Weather Forecast, Bihar Weather 10 Days
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com