- बिहार के मुंगेर के टीकारामपुर में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच हिंसक विवाद और गोलीबारी हुई
- विवाद सोमवार रात शुरू हुआ और मंगलवार सुबह दोनों पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग बढ़ गई
- घटना के बाद मुफस्सिल थाने में FIR दर्ज की गई और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया
बिहार के मुंगेर में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ. देखते ही देखते ये विवाद हिंसक हो गया. मारपीट के बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इस घटना का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मंगलवार को अचानक गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. घटना के बाद से स्थानीय लोग दहशत में हैं. मामला मुंगेर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के टीकारामपुर का है.
दो पक्षों के बीच मारपीट और गोलीबारी
बताया जा रहा है कि देवराज कुमार और मिथुन कुमार के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चली आ रही है. इसी को लेकर सोमवार रात दोनों पक्षों के बीच मारपीट और गोलीबारी हुई. मामला शांत होने के बजाय मंगलवार सुबह एक बार फिर बढ़ गया. दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. पहले कहासुनी हुई, फिर विवाद बढ़ने पर मारपीट और फायरिंग शुरू हो गई. गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए.

FIR दर्ज, एक आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद दोनों पक्षों ने मुफस्सिल थाने में आवेदन दिया. थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष मो. असलम अंसारी ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है. पुलिस घटना की जांच कर रही है.
गोलीबारी का वीडियो आया सामने
घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस विवाद की असली वजह, फायरिंग की परिस्थितियों और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.वायरल वीडियो की भी जांच की जा सकती है.
पुरानी रंजिश से इलाके में तनाव
टीकारामपुर में पुरानी अदावत को लेकर दोनों पक्षों के बीच बार-बार विवाद होने से इलाके की शांति व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है. पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए जरूरी कार्रवाई कर रही है. मामले में पुलिस की जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें-दो दिन से फोन बंद, बेटा ऐसा नहीं कर सकता... टाइगर श्रॉफ के हमलावर की मां ने कही किस्मत वाली बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं