विज्ञापन

Bihar IAS Transfer List: बिहार में 11 IAS अफसरों का ट्रांसफर, दीपक कुमार सिंह राज्यपाल के प्रधान सचिव बनाए गए; देखें पूरी लिस्ट

बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सामान्य प्रशासन विभाग ने 11 IAS अधिकारियों के तबादले और अतिरिक्त प्रभार की अधिसूचना जारी की है. दीपक कुमार सिंह को राज्यपाल का प्रधान सचिव बनाया गया है. देखें लिस्ट में और किस-किस का नाम है...

Bihar IAS Transfer List: बिहार में 11 IAS अफसरों का ट्रांसफर, दीपक कुमार सिंह राज्यपाल के प्रधान सचिव बनाए गए; देखें पूरी लिस्ट
सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी की अधिसूचना, कई वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी. (सांकेतिक तस्वीर)

Patna News: बिहार सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा के 11 वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला (IAS Transfer) और अतिरिक्त प्रभार में फेरबदल किया है. सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 22 मई 2026 को जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, इस पूरे फेरबदल में सबसे बड़ा बदलाव राजभवन और गृह विभाग के स्तर पर देखने को मिला है. 1992 बैच के सीनियर IAS अधिकारी दीपक कुमार सिंह (IAS Deepak Kumar Singh) को अब राज्यपाल का नया प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है. वे वर्तमान में सामान्य प्रशासन विभाग में महानिदेशक-सह-मुख्य जांच आयुक्त के पद पर तैनात थे, जिसका अतिरिक्त प्रभार वे आगे भी संभालते रहेंगे.

राजभवन से लेकर गृह विभाग तक में फेरबदल

इस प्रशासनिक बदलाव के तहत राजभवन में तैनात राज्यपाल के सचिव गोपाल मीणा (2007 बैच) को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भारत सरकार में भेज दिया गया है. उन्हें नोएडा विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) का विकास आयुक्त (संयुक्त सचिव स्तर) नियुक्त किया गया है, जिसके बाद उन्हें सेवा से रिलीव कर दिया गया है. वहीं दूसरी तरफ, गृह विभाग की जिम्मेदारी में भी बदलाव हुआ है. अब 2004 बैच के उद्योग विभाग के सचिव कुन्दन कुमार को अपने वर्तमान कार्यों के साथ-साथ गृह विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंप दिया गया है.

मंत्रिमंडल सचिवालय और निगरानी विभाग के बदले समीकरण

सीनियर नौकरशाही में संतुलन बनाने के लिए 1995 बैच के IAS अधिकारी अरविन्द कुमार चौधरी को मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव के पद पर तैनात किया गया है. इसके साथ ही वे बिहार संयुक्त प्रवेश परीक्षा पर्षद के परीक्षा नियंत्रक और बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे. वहीं, इसी बैच के डॉ. बी. राजेन्दर (अपर मुख्य सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग) को अब निगरानी विभाग के अपर मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी दे दिया गया है. वित्त विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह को जांच आयुक्त के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है.

राजस्व और आवास बोर्ड स्तर पर नए अतिरिक्त प्रभार

अधिसूचना के अनुसार, महिला और जूनियर अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं. बिहार मानवाधिकार आयोग की सचिव सीमा त्रिपाठी (2009 बैच) को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. वहीं 2012 बैच की इनायत खान (एमडी, बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम) को इसी विभाग (राजस्व एवं भूमि सुधार) में विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. 

सिविल विमानन विभाग के विशेष सचिव निलेश रामचंद्र देवरे (2011 बैच) को बिहार राज्य आवास बोर्ड के प्रबंध निदेशक (MD) का अतिरिक्त प्रभार मिला है, जबकि आवास बोर्ड के मौजूदा MD राजीव कुमार श्रीवास्तव (2013 बैच) को वहां से हटाकर वित्त विभाग में अपर सचिव के पद पर तैनात किया गया है. इसके अतिरिक्त, मंत्रिमंडल सचिवालय के विशेष सचिव अरविन्द कुमार वर्मा को उद्योग विभाग में विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.

ये भी पढ़ें:- माउंट एवरेस्ट से उतर रहे 2 भारतीय की मौत, सबसे ऊंची चोटी से लौटते वक्त बेहद थक गए थे, गाइड बचा नहीं पाए

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com