विज्ञापन

'तुम्हारी बहन अब जिंदा नहीं जाएगी', सास की धमकी के 48 घंटे बाद बहू की मौत, भाई ने फोन पर सुनी थी आखिरी चीख

बिहार के भोजपुर में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. ससुराल वालों ने हत्या का साक्ष्य मिटाने के लिए शव को आनन-फानन में जला दिया और घर छोड़कर फरार हो गए.

'तुम्हारी बहन अब जिंदा नहीं जाएगी', सास की धमकी के 48 घंटे बाद बहू की मौत, भाई ने फोन पर सुनी थी आखिरी चीख
भोजपुर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है.

Bihar News: बिहार के भोजपुर जिले से एक बहुत भयानक घटना सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है. शादी के महज एक साल और चार दिन बाद ही 23 वर्षीय संजू कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. आरोप है कि दहेज में सोने की चेन की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए आनन-फानन में शव को श्मशान ले जाकर जला दिया.

सास की धमकी बनी हकीकत

मृतका के भाई शिवम पाल ने बताया कि घटना से दो दिन पहले ही उनकी सास सुमित्रा देवी ने फोन पर खुलेआम धमकी दी थी कि "तुम्हारी बहन अब इस घर से जिंदा नहीं जाएगी, उसकी लाश ही निकलेगी." भाई का दावा है कि फोन पर उसने अपनी बहन की चीख भी सुनी थी और उसके बाद संपर्क टूट गया. 

सोने की चेन के लिए टूटे अरमान

संजू की शादी मई 2025 में बड़े धूमधाम से हुई थी. परिवार ने अपनी हैसियत से बढ़कर नकदी और उपहार दिए थे लेकिन एक सोने की चेन की मांग पूरी नहीं हो सकी. परिजनों का आरोप है कि इसी एक चेन के लिए संजू को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया. उसका पति सूरत से लौटकर उसके साथ मारपीट करता था.

साक्ष्य मिटाने की साजिश और फरार ससुराल

घटना के बाद ससुराल पक्ष ने न तो पुलिस को सूचना दी और न ही मायके वालों को. ग्रामीणों के अनुसार महज एक घंटे के भीतर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया. जब भाई श्मशान पहुंचा तो वहां केवल अधजली राख और कुछ अवशेष ही बचे थे. घर पहुंचने पर वहां ताला लटका मिला और पति समेत पूरा परिवार फरार हो चुका था. यह जल्दबाजी और पलायन हत्या के शक को और पुख्ता करता है.

पुलिस की कार्रवाई जारी

जगदीशपुर थाना के थानाध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल ने बताया कि मृतका के भाई के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. एफआईआर में पति विनोद पाल, ससुर भिखी पाल, सास सुमित्रा देवी, देवर प्रमोद कुमार और ननद किरण कुमारी को नामजद किया गया है. पुलिस ने आरोपी सास सुमित्रा देवी को गिरफ्तार कर लिया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

थानाध्यक्ष ने बताया कि एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है. पूछताछ में आरोपी सास ने दावा किया है कि सोने की चेन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद संजू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. हालांकि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें- 12 करोड़ लीटर पेट्रोल, 25 करोड़ लीटर डीजल... यूपी से महाराष्ट्र तक ईंधन की खपत में कौन सा राज्य किस नंबर पर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bhojpur News, Dowry Death, Suspicious Death, Bihar Crime, Jagdishpur Police Station
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com