विज्ञापन

रीलबाजी करने वाले बिहार पुलिस के 50 जवान रडार पर, पूर्णिया की महिला दरोगा पर गिर चुकी है गाज

बिहार पुलिस को रील बनाने में शामिल अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई की है. 20 जिलों के 50 पुलिस अधिकारियों की लिस्ट तैयार की गई है. पूर्णिया की महिला थाना इंचार्ज शबाना आजमी को इसी के चलते सस्पेंड किया गया है.

रीलबाजी करने वाले बिहार पुलिस के 50 जवान रडार पर, पूर्णिया की महिला दरोगा पर गिर चुकी है गाज
SHO Shabana Azmi Suspended
NDTV

Bihar Police Reel Ban: बिहार पुलिस ने सोशल मीडिया पर 'रील' बनाने के शौकीन पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है. आए दिन विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पुलिसकर्मियों के जरिए वर्दी में वीडियो साझा करने के मामलों ने महकमे की चिंता बढ़ा दी थी. अफसरों के इस शौक के कारण न केवल बिहार पुलिस की छवि धूमिल हो रही थी, बल्कि राज्य की सुरक्षा और अनुशासन पर भी गंभीर सवाल खड़े होने लगे थे. इन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अब पुलिस मुख्यालय ने कड़े कदम उठाने का निर्णय लिया है.

50 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आदेश

बिहार पुलिस ने ऐसे रीलबाज अफसरों को लेकर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है. इसके तहत वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील बनाकर पोस्ट करने वाले 50 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया है. इन सभी पर निलंबन के साथ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी.

महिला थाना प्रभारी शबाना आजमी निलंबित

कार्रवाई की कड़ी में पूर्णिया जिले की महिला थाना प्रभारी शबाना आजमी को निलंबित कर दिया गया है. पूर्णिया की एसपी स्वीटी सेहरावत ने यह कार्रवाई मुख्यालय के जरिए जारी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के उल्लंघन के चलते की है. बताया जा रहा है कि शबाना आजमी वर्दी में लगातार रील पोस्ट कर रही थीं. गौरतलब है कि शबाना पिछले वर्ष भी तब विवादों में आई थीं, जब उन्होंने एक बुजुर्ग रिश्तेदार को अपनी आधिकारिक कुर्सी पर बिठा दिया था.

इन जिलों में होगी सबसे बड़ी कार्रवाई

बता दें कि बिहार पुलिस मुख्यालय ने संबंधित जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक(एसएसपी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को चिन्हित पुलिसकर्मियों की सूची भेज दी है तथा कार्रवाई कर रिपोर्ट मांगी है. बताया जा रहा है कि इन 50 पुलिसकर्मियों की सूची में 32 महिला और 18 पुरुष जवान शामिल हैं, जो राज्य के 20 जिलों में तैनात हैं. सूची में पटना जिला सबसे ऊपर है, जहां 16 पुलिसकर्मी कार्रवाई की जद में आयेंगे. नालंदा और मधुबनी जिले में 4-4 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है.

यह भी पढ़ें; गला घोंटा, चेहरे पर जख्म, नाक भी टूटी... दहला देगी IRS अधिकारी की बेटी के रेप‑मर्डर केस की पोस्टमार्टम रिपोर्ट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com