विज्ञापन

छठ पर घर नहीं आया बेटा तो मां ने खुद उठाया दउरा, दिल छू लेगी भोजपुरी छठ गीत 'हमहीं उठावतानी दउरा' की कहानी

Humahi Uthawatani Daura Chhath Geet: नया भोजपुरी छठ गीत 'हमहीं उठावतानी दउरा' रिलीज. मां की ममता, परदेस में बेटे की मजबूरी और इंसानियत की भावुक कहानी ने छुआ दिल.

छठ पर घर नहीं आया बेटा तो मां ने खुद उठाया दउरा, दिल छू लेगी भोजपुरी छठ गीत 'हमहीं उठावतानी दउरा' की कहानी
Chhath Song 2026: नया भोजपुरी छठ गीत 'हमहीं उठावतानी दउरा'
youtube
नई दिल्ली:

Humahi Uthawatani Daura New Chhath Geet: छठ पूजा के मौके पर भोजपुरी से लगातार एक के बाद एक दिल छू लेने वाले छठ गीत आते हैं. अब एक ऐसा ही छठ सॉन्ग रिलीज हुआ है जो मां की ममता, परदेस में रहने वाले बेटे की मजबूरी और इंसानियत के खूबसूरत रिश्तों की कहानी कहता है. गीतकार मनोज भावुक का नया छठ गीत 'हमहीं उठावतानी दउरा' को यूट्यूब पर रिलीज किया गया है. इस गीत की कहानी उन परिवारों की भावनाओं को सामने लाती है, जिनके बच्चे रोजी-रोटी और नौकरी के लिए घर से दूर रहते हैं. इस तरह उन्होंने उस विषय को उठाया है जिसका दर्द प्रवासी परिवार ही जानते हैं.

यह भी पढ़ें: Kalpana Patowary Chhath Song: कल्पना पटवारी का नया छठ गीत रिलीज, 'जगत के पालनहार' सुन भक्त बोले- जय छठी मैया

छठ पर मां करती रही बेटे का इंतजार

'हमहीं उठावतानी दउरा' की कहानी एक मां से शुरू होती है, जो छठी मइया से अपने बेटे के लिए अच्छी नौकरी की मन्नत मांगती है. मां की मन्नत पूरी होती है और बेटा अफसर बन जाता है. लेकिन नौकरी के सिलसिले में उसे परदेस जाना पड़ता है. ऐसे में छठ जैसे बड़े पर्व पर भी वह अपने घर नहीं लौट पाता.

मां हर साल बेटे का इंतजार करती है. इस बार भी जब बेटा घर नहीं आता, तो मां खुद छठी मइया का दउरा उठाकर घाट की ओर चल पड़ती है. इसी दौरान गांव का एक अनजान युवक आगे आता है और मां का दउरा उठाने लगता है. मां जब उससे पूछती है, तो युवक कहता है, ‘एगो बेटा…आप हमरे अम्मा जइसन हईं. हम दउरा लेके चलब घाटे.'

यह संवाद गीत की कहानी को भावुक बना देता है. एक अनजान युवक मां को अपना मानकर उसकी मदद करता है. गीत बताता है कि इंसानियत और प्यार के रिश्ते खून के रिश्तों से भी बड़े हो सकते हैं. इस इमोशनल सॉन्ग पर खूब कमेंट भी आ रहे हैं. एक शख्स ने लिखा है, बेहद मार्मिक, सुरीला, पवित्र.

भावुक गीत में प्रवासी परिवारों की कहानी

गीतकार मनोज भावुक ने इस गीत के जरिए उन मांओं की भावनाओं को आवाज दी है, जिनके बच्चे नौकरी के कारण उनसे दूर रहते हैं. छठ पूजा पर घर लौटने की इच्छा होने के बावजूद कई लोग काम और दूरी की वजह से परिवार के साथ पर्व नहीं मना पाते. गीत का संदेश है कि जीवन में नौकरी और सफलता जरूरी हैं, लेकिन अपनों का प्यार और अपनापन सबसे बड़ी कमाई है.

किसने दी आवाज?

इस भोजपुरी छठ गीत को अपूर्वा प्रियदर्शी और शैलेन्द्र मिश्रा ने गाया है. गीत के बोल मनोज भावुक के हैं, जबकि संगीत सुशांत देव ने तैयार किया है. निर्देशन उज्ज्वल पांडेय ने किया है. वीडियो में राखी जायसवाल, शुभ तिवारी और हर्षित सिंह नजर आते हैं. 'हमहीं उठावतानी दउरा' छठ पूजा के बहाने मां की ममता, प्रवासी जीवन की मजबूरी और इंसानियत के रिश्तों को याद दिलाता है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chhath Geet, Bhojpuri Cinema, Bhojpuri Song, Hindi News, Chhath Song 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com