भोजपुरी लोकगायिका कल्पना पटवारी के बिना छठ का महापर्व अधूरा है. वहीं हर बार की तरह इस बार भी उन्होंने छठ गीतमाला का पहला गीत ‘जगत के पालक दीनानाथ' रिलीज कर दिया है, जो श्रोताओं के बीच लोकप्रिय हो रहा है. यह गीत म्यूजिक बॉक्स कल्पना पटवारी ऑफिशियल यूट्यूब चैनल से जारी किया गया है. गीत में व्रती भगवान सूर्य को संसार का पालनकर्ता मानकर उनसे अपनी पीड़ा सुनाती है और जीवन के अंधकार में आशा की किरण देने की प्रार्थना करती है. गीत में भक्त का विश्वास व्यक्त होता है कि दीन-दुखियों की पुकार सुनने वाले दीनानाथ उसकी अर्जी भी स्वीकार करेंगे.
कल्पना पटवारी का छठ गीत हुआ वायरल
छठ गीतमाला ‘ए लिविंग ट्रेडिशन' के अंतर्गत भोजपुरी गीत ‘जगत के पालक दीनानाथ' को कल्पना पटवारी ने गाया है, जिसके बोल हृदय नारायण झा ने लिखे हैं और इसकी धुन कल्पना पटवारी ने तैयार की है. संगीत कंपोज अर्जित श्रीवास्तव ने किया है. जबकि गिटार, स्ट्रोक्स और बेस की जिम्मेदारी सुमन बागानी ने निभाई है.
ये भी पढ़ें- मन्ना डे का पहला भोजपुरी रोमांटिक गीत, 49 साल पहले हिला दिया था काशी पटना, सुजीत कुमार को बनाया सुपरस्टार
कल्पना पटवारी ने कही ये बात
वहीं, कल्पना पटवारी ने बताया कि इस गीत में छठ व्रती की भक्ति, समर्पण और भगवान सूर्य के प्रति अटूट विश्वास को स्वर देने का प्रयास किया गया है. गीत में व्रती स्वयं को असहाय मानते हुए सूर्यदेव की महिमा और उनकी कृपा से लाभान्वित भक्तों का स्मरण करती है. उन्हें विश्वास है कि जिस तरह सूर्यदेव की कृपा से दुखियों को सुख और निराश लोगों को आशा मिलती है, उसी तरह उनकी भी पुकार सुनी जाएगी.
5 भाषाओं में कल्पना पटवारी के छठगीत
छठ महापर्व को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल कराने के उद्देश्य से इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (इन्टैक) द्वारा तैयार डोजियर वर्ष 2026 में यूनेस्को को भेजा गया है. इसमें गीतकार हृदय नारायण झा द्वारा संकलित छठगीत भी शामिल हैं. इन्टैक की पुस्तक ‘छठगीत (सर्व सौभाग्यदायकम्)' में मैथिली, भोजपुरी, मगही, अंगिका और बज्जिका के पारंपरिक गीतों के साथ हृदय नारायण झा के स्वरचित गीत भी शामिल हैं. इसी पुस्तक में शामिल सात गीतों को कल्पना पटवारी ने ‘छठ गीत माला – ए लिविंग ट्रेडिशन' के रूप में स्वर दिया है. यह संगीतमय संकलन इस वर्ष छठ महापर्व के अवसर पर रिलीज होने जा रहा है. ‘जगत के पालक दीनानाथ' इसका पहला गीत है. संकलन में मैथिली के ‘चारि पहर राति जल थल सेविलहुँ' और ‘कातिक मास इजोरिया', भोजपुरी के ‘दरसन मांगीला तोहार', मगही के ‘छोटी मुटी मालिन बेटी', अंगिका के ‘छठि मइया अइतई अंगनमा' और बज्जिका के ‘रिमझिम बुन्दवा बरसि गेल' शामिल हैं. पाँच भाषाओं के इन सात छठगीतों को कल्पना पटोवारी की आवाज में एक साथ सुनना एक दुर्लभ और सुंदर संयोग है.
ये भी पढ़ें- आम्रपाली दुबे का हिंदी टीवी सीरियल, भोजपुरी एक्ट्रेस बनीं अनाथ लड़की, अलका याग्निक के गाने ने दिलाई पहचान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं