दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में हल्की-हल्की ठंड लगने लगी है. हालांकि, कड़ाके की ठंड आने में आने में लगभग 1 महीने का समय बाकी है लेकिन कोल्ड सीजन में कार ड्राइवर्स को भी काफी दिक्कत आती है. खासतौर पर जब उनके विंडशील्ड पर धुंध या कोहरा (fog) जमा हो जाता है. शीशों पर जमी यह धुंध विजिबिलिटी को बेहद कम कर देती है जो गाड़ी चलाने के लिहाज से काफी अनसेफ है. कोहरे की एक पतली सी परत भी सड़क पर चल रही दूसरी गाड़ियों, पैदल चलने वालों और ट्रैफिक साइन्स को देखने में बड़ी रुकावट बनती है.
अच्छी बात है कि कार के शीशों पर कोहरा जमना एक बेहद सामान्य बात है और इससे बचना बहुत आसान है. इसके लिए आपको काफी आसान उपाय अपनाने होंगे. जिससे आप मात्र कुछ मिनटों में अपने शीशों को बिल्कुल साफ कर सकते हैं. यहां पर आपको इसको आसानी से हटाने का तरीका बताते हैं. पहले समझ लीजिए कोहरा जमता क्यों है? कार के शीशों पर कोहरा तब जमता है जब हवा में मौजूद नमी किसी ऐसे शीशे की सतह से टकराती है जिसका तापमान हवा के तापमान से बिल्कुल अलग होता है. ये नमी कंडेंस होकर शीशे पर पानी की छोटी-छोटी बूंदों के रूप में जमा हो जाती है, जिससे शीशे पर धुंधली परत बन जाती है. कोहरा शीशे के दोनों तरफ जम सकता है. साथ ही इसे हटाने का तरीका इस बात पर डिपेंड करता है कि कोहरा अंदर की तरफ है या बाहर की तरफ.
कार के शीशे पर कोहरा जमने की वजह
- शीशे के अंदर कोहरा जमना: ये समस्या आमतौर पर सर्दियों और बरसात के दिनों में ज्यादा होती है. इन मौसम में कार के अंदर नमी के कारण अंदर की हवा गर्म हो जाती है. जबकि बाहर की ठंडक के कारण विंडशील्ड का शीशा बहुत ठंडा होता है. जब ये गर्म और नम हवा ठंडे शीशे को छूती है, तो अंदर की तरफ पानी की बूंदें जमा हो जाती हैं.
- शीशे के बाहर कोहरा जमना: ये आमतौर पर उमस भरी सुबह में होता है जब कार के अंदर का एसी (AC) चलने के कारण विंडशील्ड का तापमान बाहर की हवा से ज्यादा ठंडा हो जाता है. ऐसे में बाहर की हवा की नमी शीशे के बाहरी हिस्से पर कोहरे के रूप में जमा हो जाती है.
कार के शीशे से कोहरे को तुरंत कैसे हटाएं?
- डिफॉगर चालू करें: विंडशील्ड और पिछले शीशे से गर्मी को कम करने और कोहरे को हटाने के लिए फ्रंट और रियर डिफॉगर को तुरंत ऑन कर दें.
- एयर कंडीशनर (AC) ऑन करें: ठंड के मौसम में भी एसी चालू करें, क्योंकि एसी केबिन के अंदर की हवा से नमी को सोख लेता है और कोहरे को सबसे तेजी से साफ करता है.
- क्लाइमेट कंट्रोल सेटिंग्स बदलें: क्लाइमेट कंट्रोल की दिशा को सीधे विंडशील्ड की तरफ कर दें ताकि हवा सीधे शीशे पर लगे और वह तुरंत साफ हो सके.
- टेम्परेचर को बैलेंस करें: कार के अंदर का तापमान थोड़ा इस तरह सेट करें ताकि अंदर और बाहर के तापमान का अंतर कम हो सके.
- खिड़की थोड़ी खुली रखें: अगर कोहरा केबिन के अंदर की तरफ जम रहा है, तो कार के शीशों को थोड़ा सा नीचे कर दें ताकि अंदर की नम हवा बाहर निकल सके.
- वाइपर का इस्तेमाल करें: अगर कोहरा शीशे के बाहर की तरफ जमा हुआ है, तो वाइपर्स चलाकर उसे साफ करें.
- वाशर फ्लूड का छिड़काव करें: जरूरत पड़ने पर वाशर फ्लूड का छिड़काव करें ताकि वाइपर चलने पर शीशा पूरी तरह साफ हो जाए और देखने में कोई दिक्कत न हो.
- हाथ से साफ न करें: शीशे पर जमे कोहरे को कभी भी अपने हाथ से पोंछकर साफ करने की कोशिश न करें. ऐसा करने से शीशे पर उंगलियों के निशान और दाग पड़ जाते हैं, जिससे रात के समय देखना और भी मुश्किल हो जाता है.
कार के शीशों के लिए बेस्ट एंटी-फॉग सॉल्यूशन्स
जो लोग अक्सर कोहरे और धुंध की समस्या का सामना करते हैं, वे बाजार में मिलने वाले इन एंटी-फॉग प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके अलावा आप Anti-Fog स्प्रे का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इसका काम काफी आसान है, ये शीशे के ऊपर एक इनविजिबल और बेहद पतली प्रोटेक्टिव लेयर बना देता है. इससे पानी की बूंदें नहीं जमा होती हैं. इसके एक बार लगाने के बाद असर काफी दिनों तक रहता है.
आप एंटी-फॉग वाइप्स का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. ये वाइप्स बिल्कुल स्प्रे की तरह ही काम करते हैं, लेकिन ये छोटे पैकेट्स में आते हैं जिन्हें कार के ग्लोव बॉक्स में रखना और तुरंत इस्तेमाल करना बेहद आसान होता है. जबकि ठंडे इलाके में लंबे समय तक रहने वाले लोग एंटी-फॉग कोटिंग भी करवा सकते हैं. ये प्रोफेशनल-ग्रेड की यह कोटिंग स्प्रे के मुकाबले ज्यादा लंबी सुरक्षा देती है. हालांकि ये थोड़ी महंगी होती है, लेकिन यह बहुत लंबे समय तक शीशों को कोहरे से बचाकर रखती है. साथ ही आप केबिन के अंदर अतिरिक्त नमी को खत्म करने के लिए आप सिलिका जेल या दूसरे नमी सोखने वाले पाउच रख सकते हैं. ये केबिन की हवा को सूखा रखते हैं, जिससे शीशों पर कोहरा नहीं जमता है.
यह भी पढ़ें | E100 Petrol: अब 100% इथेनॉल से दौड़ेंगी गाड़ियां, सरकार ने बदला नियम, जानें हर सवाल के जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं