विज्ञापन

टायर फटने पर भी भागती हैं ये बुलेटप्रूफ कारें, स्नाइपर भी नहीं बिगाड़ सकते बाल-बांका, तीसरी वाली तो टॉप क्लास!

भारत में भी सबसे सुरक्षित आर्मर्ड लग्जरी कारें मौजूद हैं. इस लिस्ट में BMW 7 Protection से Audi A8L Security तक शामिल हैं. ये गाड़ियां बुलेट को भी झेल सकती हैं.

टायर फटने पर भी भागती हैं ये बुलेटप्रूफ कारें, स्नाइपर भी नहीं बिगाड़ सकते बाल-बांका, तीसरी वाली तो टॉप क्लास!
BMW 7 Series Protection
BMW

मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग ने पूरे देश को झकझोक दिया है. सोशल मीडिया पर यूजर्स कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाने लगे हैं. हालांकि, अच्छी बात रही कि टाइगर श्रॉफ को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा. गोलीबारी के समय वह अपनी लगभग ढाई साल पहले खरीदी BMW 3 सीरीज कार में थे. कई गाड़ियां बुलेट-प्रूफ होती हैं. जिससे गोलियों का कोई खास असर इन कारों पर नहीं होता है. भारत में भी कई ऐसी गाड़ियां हैं जो सेफ्टी के मामले में टॉप क्लास हैं. इन पर बुलेट का भी असर नहीं होता है. कई केस में तो ये गाड़ियों बम ब्लास्ट या जहरीली गैसों के हमलों से भी पूरी तरह सुरक्षित रहती हैं. आइए, आपको देश में मिलने वाली टॉप आर्मर्ड कारों के बारे में बताते हैं.

BMW 7 Series Protection

BMW 7 Series Protection जर्मन लग्जरी कार निर्माता कंपनी BMW की सबसे फ्लैगशिप सेडान पर ysmd[ है. कंपनी ने हाल ही में भारत में इसके नए फेसलिफ्ट और इलेक्ट्रिक वेरिएंट को उतारा है. हालांकि, सेफ्टी देने वाला ये प्रोटेक्शन मॉडल इसके पुराने प्री-फेसलिफ्ट मॉडल पर आधारित है. इसे साल 2024 की शुरुआत में भारत में लॉन्च किया गया था. इसे बाहर से बिल्कुल साधारण 7-सीरीज जैसा डिजाइन किया गया है, ताकि सुरक्षा काफिले में इसे आसानी से छुपाया जा सके. इस कार में VR9 स्तर की सुरक्षा रेटिंग मिलती है.

इसमें 10 मिमी मोटी बैलिस्टिक स्टील की प्रोटेक्टिव शेल, मोटे बुलेटप्रूफ ग्लास और गाड़ी के निचले हिस्से में बम रोधी बख्तरबंद दिया गया है. गोलियां लगने पर भी इसके पेट्रोल टैंक से फ्यूल लीक नहीं होता है. इसके साथ ही इसमें खास 'रन-फ्लैट' टायर्स दिए गए हैं, जो हवा पूरी तरह निकल जाने के बाद भी गाड़ी को 80 किमी/घंटे की रफ्तार से पूरे 30 किलोमीटर तक सुरक्षित आगे ले जा सकते हैं.

इस भारी-भरकम सुरक्षा कवच के कारण गाड़ी का कुल वजन लगभग 4 टन हो जाता है. लेकिन इस वजन को तेजी से भगाने के लिए इसमें 4.4-लीटर का पावरफुल V8 पेट्रोल इंजन दिया गया है. ये इंजन इस कार को मात्र 6.6 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटे की रफ्तार पर पहुंचा देता है. जिससे इमरजेंसी की स्थिति में हमलावरों से बचना बेहद आसान हो जाता है.

यह भी पढ़ें | भारत आई Elon Musk की उड़ने वाली सुपरकार Tesla Roadster, बुकिंग शुरू, जानें कीमत

Audi A8 L Security

Audi A8 L Security जर्मन ब्रांड ऑडी की सबसे प्रीमियम फ्लैगशिप सेडान है. इस आर्म्ड मॉडल को साल 2023 में भारत में आयोजित हुए G20 शिखर सम्मेलन के दौरान खासतौर पर लॉन्च किया गया था. भारत सरकार ने विदेशी मेहमानों और राष्ट्रपतियों की सुरक्षा के लिए कई Audi A8 L Security कारों को लीज पर लिया था. इसकी बॉडी को VR9-प्रमाणित बैलिस्टिक रेटिंग मिली थी, जो 7.62 मिमी की सैकड़ों गोलियों के सीधे प्रहार को आसानी से झेल सकती थी. वहीं, इसके कांच को VR10 स्तर की सुरक्षा दी गई थी. ये स्नाइपर राइफल के हमलों को भी नाकाम करने में पूरी तरह सक्षम थी.

ग्रेनेड धमाकों से बचने के लिए इसके निचले हिस्से को मजबूत किया गया था और पूरी गाड़ी को एंटी-मैग्नेटाइज्ड किया गया था, ताकि कोई इस पर चुंबक वाले बम न चिपका सके. केबिन में जहरीली गैसों से सुरक्षा के लिए खास एयर फिल्टर्स और गाड़ी के बाहरी हिस्से पर आग से निपटने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर दिए गए थे. इमरजेंसी की स्थिति में यदि गाड़ी के दरवाजे जाम हो जाएं, तो इसके दरवाजों के हिंज में छुपाया गया खास एक्सप्लोसिव धमाका करके दरवाजों को गाड़ी से अलग कर देता है, जिससे यात्री सेकंडों में सुरक्षित बाहर निकल सकते हैं.

इस भारी गाड़ी को हाई-स्पीड चेसके दौरान भरपूर ताकत देने के लिए ऑडी ने इसके 3-लीटर इंजन को हटाकर 4-लीटर का टर्बो-पेट्रोल V8 इंजन लगाया था. इस सुरक्षा के साथ इस कार की कीमत सामान्य मॉडल के मुकाबले पूरे 13 करोड़ रुपये महंगी थी.

Land Rover Range Rover Sentinel

आर्म्ड गाड़ियों की दुनिया में Range Rover Sentinel को सबसे ज्यादा पॉपुलर है. ये पावरफुल गाड़ी भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले से लेकर ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक जैसे कई ग्लोबल नेताओं की सुरक्षा में तैनात रह चुकी है. इस गाड़ी को लैंड रोवर के Special Vehicle Operations' (SVO) डिपार्टमेंट ने पुरानी जनरेशन की रेंज रोवर पर तैयार किया गया था.

इसकी छत और फर्श को ग्रेनेड धमाकों और मल्टी-एंगल रॉकेट हमलों को झेलने के लिए बेहद मजबूत बनाया गया था. सबसे खास बात ये थी कि यदि किसी हमले में इसके चारों दरवाजे पूरी तरह लॉक या डैमेज हो जाएं, तो इसके पिछले बूट स्पेस और पिछले दरवाजे के जरिए यात्रियों को बाहर निकालने के लिए एक डेडिकेटेड इमरजेसी एस्केप सिस्टम दी गई थी. उबड़-खाबड़ रास्तों पर तेजी से भागने और सुरक्षा देने के लिए इसमें कंपनी का पावरफुल सुपरचार्ज्ड V8 पेट्रोल इंजन दिया गया था. साथ ही इसके सस्पेंशन, चेसिस और ब्रेकिंग सिस्टम को ज्यादा वजन संभालने के लिए अपग्रेड किया गया था.

यह भी पढ़ें | CNG का माइलेज और डिग्गी में फुल स्पेस.. ये हैं बड़े बूट स्पेस वाली धाकड़ SUV, कीमत 9.99 लाख से शुरू

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Car, BMW, Audi, Range Rover
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com