Iran-US Peace Talks: इस्लामाबाद में हो रही वार्ता बेनतीजा होने के बाद ईरान ने कहा है कि बातचीत अभी खत्म नहीं हुई है. ईरान सरकार ने आधिकारिक तौर पर उन कयासों को खारिज कर दिया है जिनमें कहा जा रहा था कि अमेरिका के साथ बातचीत का दरवाजा बंद हो गया है. ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि 'खेल अभी खत्म नहीं हुआ है' और दोनों पक्ष अभी भी मेज पर बने रहने के इच्छुक हैं. यह बयान उस समय आया है जब वैश्विक स्तर पर इस्लामाबाद वार्ता को 'डेड-एंड' माना जा रहा था.
आगे भी जारी रहेगी बातचीत?
ईरानी प्रवक्ता ने इस बात पर जोर दिया कि दशकों के अविश्वास और हालिया तनाव के बीच यह उम्मीद करना कि एक ही बैठक में सब कुछ सुलझ जाएगा, बेमानी है. बघाई के मुताबिक, तेहरान और वाशिंगटन कई मुद्दों पर राजी हो चुके हैं, हालांकि दो से तीन बेहद अहम मामलों पर अभी भी गहरे मतभेद बरकरार हैं. ईरान ने संकेत दिया है कि वह बातचीत की प्रक्रिया को पूरी तरह खत्म करने के पक्ष में नहीं है.
Breaking | At Pakistan's proposal and with the agreement of the negotiating teams of #Iran and the U.S., talks mediated by Pakistan will continue for another round after a pause on Sunday.#IslamabadTalks https://t.co/iWjWDjdjZb
— Government of the Islamic Republic of Iran (@Iran_GOV) April 11, 2026
यह भी पढ़ें: बुरी खबर है, ईरान ने हमारी शर्तें नहीं मानी, बातचीत रही बेनतीजा : अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस
किसी ने नहीं सोचा था एक बार डील पक्की हो जाएगी: ईरानी विदेश मंत्रालय
इस्माइल बघाई ने ईरानी मीडिया से बात करते हुए इस बात को स्वीकार किया कि ये वार्ताएं बेहद कठिन परिस्थितियों में हो रही हैं. उन्होंने कहा, "यह बातचीत 40 दिनों के थोपे गए युद्ध के बाद हुई है. ऐसे में माहौल में अविश्वास और संदेह होना स्वाभाविक है."
ईरान ने अपनी ओर से स्पष्ट किया है कि वार्ता की सफलता अब पूरी तरह से 'विपक्षी पक्ष' यानी अमेरिका के पाले में है. ईरान का तर्क है कि जब तक अमेरिका ईरान के वैधानिक अधिकारों और उसके हितों को स्वीकार नहीं करता, तब तक किसी अंतिम नतीजे पर पहुंचना मुश्किल होगा.
यह भी पढ़ें: US और ईरान बातचीत में 'सरपंच' शहबाज कैसे हो गए फेल; पाकिस्तान की नौसिखिया डिप्लोमेसी ने डुबोई वार्ता की नैया?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं