विज्ञापन
This Article is From Apr 02, 2016

भारत माना जा रहा प्रकाश-पुंज, दुनिया में नई उम्मीद जगाई : पीएम मोदी

भारत माना जा रहा प्रकाश-पुंज, दुनिया में नई उम्मीद जगाई : पीएम मोदी
रियाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
रियाद: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि प्रतिकूल वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाकर दुनिया में ‘नई उम्मीदें’ जगाई हैं और इसीलिए कई लोग इसे ‘प्रकाश-पुंज’ बता रहे हैं।

भारतीय समुदाय को संबोधित किया
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के पास दुनिया को देने के लिए काफी कुछ है विशेष तौर पर प्रतिभावान एवं हुनरमंद श्रमशक्ति के रूप में और उनकी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को लेकर इस दिशा में आगे बढ़ रही है। सउदी अरब की दो दिवसीय यात्रा पर आज यहां पहुंचे मोदी ने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि पहले दुनिया की नजरों में भारत अन्य देशों में से एक देश भर था लेकिन अब यह ‘एक महत्वपूर्ण देश’ बन गया है।

प्रतिकूलताओं के बावजूद अर्थव्यवस्था मजबूत
मोदी ने कहा, ‘ वैश्विक स्तर पर प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था मजबूत बनाई है। आज भारत आर्थिक रूप से प्रगति कर रहा है और दुनिया हमारी ओर देख रही है। सौ करोड़ से अधिक लोगों का देश काफी कुछ कर सकता है। ’ प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने अपने लोकतांत्रिक मूल्यों और सरकार के ‘सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के कारण नई उम्मीदें जगाईं और नया उत्साह पैदा किया है।' उन्होंने कहा कि विश्व बैंक और सभी रेटिंग एजेंसियों का कहना है कि भारत के आर्थिक विकास ने ‘उम्मीद की किरण’ जगाई है और कुछ भारत को ‘प्रकाश-पुंज’ बता रहे हैं।

भारत माता की जय के नारे लगे
यहां संक्षिप्त समारोह में उपस्थित लोगों के ‘भारत माता की जय’ के नारे के बीच मोदी ने कहा कि देश की आर्थिक प्रगति का एक कारण राजनीतिक स्थिरता है। उन्होंने कहा कि 30 वर्षों के बाद देश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी है। भारत के युवा इस देश की शक्ति हैं। मोदी ने कहा, ‘ दुनिया को ऐसी श्रमशक्ति की जरूरत है जो प्रतिभावान और प्रौद्योगिकी से लैस हो।’ उन्होंने कहा कि भारत कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सउदी अरब यात्रा, भारतीय समुदाय, रियाद, PM Narendra Modi, Saudi Arab Tour, Indian Community, Riyadh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com