विज्ञापन
This Article is From Dec 21, 2011

26/11 : हेडली के खिलाफ चार्जशीट दायर

एनआईए को हेडली से जुड़े मामले में हेडली समेत राणा, लखवी, इकबाल, कश्मीरी, माजिद सईद के खिलाफ चार्जशीट दायर करने की इजाजत मिली है।
नई दि्ल्ली: 26/11 के हमले सहित भारत में आतंकवादी हमले का षड्यंत्र रचने के लिये सरकार ने पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी आतंकवादी डेविड हेडली, लश्कर ए तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद और दो आईएसआई अधिकारियों सहित नौ लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर करने को मंजूरी दे दी है। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि हेडली और सईद के अलावा गृह मंत्रालय ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी को 26/11 हमले के सरगना जकी-उर-रहमान लखवी, हेडली के सहयोगी और पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक तहव्वुर राणा और अलकायदा के संचालक इलियास कश्मीरी पर भी अभियोग चलाने को मंजूरी दे दी। सूत्रों ने कहा कि हेडली के संचालक साजिद मलिक और अब्दुल रहमान हाशमी का भी आरोप पत्र में नाम है। इसके अलावा माना जाता है कि दो अधिकारी मेजर इकबाल और मेजर समीर अली भी पाकिस्तान की एजेंसी के लिये काम कर रहे हैं। कानून मंत्रालय से वैधानिक सलाह लेने के बाद नौ लोगों के खिलाफ अभियोजन को मंजूरी दी गई। आरोप पत्र में उन्हें भारतीय दंड संहिता और गैर कानूनी गतिविधियां (निवारण) कानून की संबंधित धाराओं के तहत देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने के लिये नामित किया जाएगा।एनआईए ने 50 वर्षीय हेडली और राणा के खिलाफ 12 नवम्बर 2009 को मामला दर्ज किया था और फिर केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की जांच के बाद अन्य नाम जोड़े थे जिसमें दिखाया गया है कि बड़ी संख्या में लोग देश के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों में शामिल हैं। हेडली और राणा दोनों फिलहाल अमेरिकी अधिकारियों की हिरासत में हैं और एनआईए को हेडली से पूछताछ का सीमित मौका ही मिला है। अमेरिका की अदालत ने 50 वर्षीय राणा को डेनमार्क में आतंकवादी गतिविधियों का दोषी पाया लेकिन मुंबई पर 26/11 को हुए हमला मामले में भूमिका से बरी कर दिया। एनआईए ने राणा और हेडली के खिलाफ गैर कानूनी गतिविधियां :निवारक: कानून और देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने के षड्यंत्र के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोप लगाया था कि हेडली ने 26/11 के पहले कई बार और बाद में एक बार भारत का दौरा किया। मुंबई हमले में 166 लोग मारे गये थे। हेडली और राणा को छोड़कर एनआईए ने सईद और लखवी सहित सातों आरोपियों के खिलाफ इंटरपोल से रेड कार्नर नोटिस जारी करवाया। समझा जाता है कि 26/11 हमले में षड्यंत्र के लिये दोनों पाकिस्तानी जेल में बंद हैं। हेडली ने एनआईए को उन संचालकों की आवाज पहचानने में मदद की जो नवंबर 2008 में मुंबई हमले के दौरान 60 घंटे चले आपरेशन में आतंकवादियों को निर्देश दे रहे थे। संचालकों में अबु हमजा भी शामिल है। उसने साजिद माजिद की भी पहचान की जो लश्कर ए तैयबा का शीर्ष आतंकवादी है जिसने छबद हाउस पर हमला करने वाले आतंकवादियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कोई भी इस्राइली नागरिक जिंदा नहीं बचे।
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
मुंबई हमला, हेडली, एनआईए, 26/11, NIA, India, Mumbai
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com