उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ कहे जाने वाले किसानों की तरक्की, हाईटेक खेती और एग्री-बिजनेस को नई दिशा देने के लिए औद्योगिक नगरी कानपुर में 11 अक्टूबर को NDTV एक विशेष कॉनक्लेव का आयोजन कर रहा है. उत्तर प्रदेश 2.0: 'कृषि से समृद्धि' नाम के इस विशेष कॉन्क्लेव में खेत-खलिहान से लेकर प्रशासनिक गलियारों, आईआईटी के रिसर्च लैब और फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री के दिग्गज एक मंच पर जुटेंगे. सुबह 10 बजे से दिन भर कार्यक्रम में न केवल सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी जाएगी, बल्कि इस पर मंथन होगा कि कैसे आधुनिक तकनीक के जरिए किसान अपनी आय को कई गुना बढ़ा सकते हैं. इसमें उत्तर प्रदेश में कृषि अर्थव्यवस्था, उत्पादकता, ओडीओपी और निर्यात से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी.
सुबह 10 बजे- पहला सत्र (लाभार्थी LIVE- सीधे जनता से संवाद)
कानपुर के विधायक महेश त्रिवेदी की मंच पर मौजूदगी के साथ किसानों और लाभार्थियों से सीधा संवाद होगा. सरकारी योजनाओं के जरिये कैसे किसानों की जिंदगी बदली है, उससे रूबरू होंगे.
सुबह 10:30 बजे - सत्र 2: 'खेती हाईटेक, लाइफ सेट'
खेती में तकनीक और आधुनिक उपकरणों तक कैसे किसानों की आसानी पहुंच होगी. चंद्रशेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (CSA) कुलपति प्रो. संजीव गुप्ता अपनी राय रखेंगे. पद्मश्री से सम्मानित देश के जाने-माने प्रगतिशील किसान राम शरण वर्मा भी अपने अनुभव और विशेषज्ञता साझा करेंगे. आईआईटी कानपुर में केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. जयंत कुमार सिंह भी इसमें शामिल होंगे. यह पैनल बताएगा कि कैसे लैब में हो रही रिसर्च और ड्रिप-टिश्यू कल्चर जैसी तकनीकें सामान्य किसान की लागत घटाकर मुनाफा बढ़ा सकती हैं.
सुबह 11:00 बजे - सत्र 3: 'सरकार और बाजार मेरे द्वार'
किसानों को उनकी उपज का सही दाम और पारदर्शी बाजार कैसे मिले, इस पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से सवाल-जवाब होंगे. कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी और कानपुर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर अपनी बात रखेंगे. सत्र का फोकस इस बात पर रहेगा कि सरकारी तंत्र और जिला प्रशासन किसानों के दरवाजे तक सेवाएं और बाजार कैसे पहुंचा रहा है.
सुबह 11:30 बजे: सत्र 4: 'प्रोसेसिंग में प्रॉफिट'
खेती को उद्योग बनाने की दिशा में कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ा यह सत्र सबसे अहम होगा। इसमें कानपुर के विधायक सुरेंद्र मैथानी के साथ-साथ कानपुर की प्रमुख फूड प्रोसेसिंग कंपनी एचएल एग्रो प्रोडक्ट्स के प्रतिनिधि और प्रमुख उद्योगपति शामिल होंगे. इसमें बताया जाएगा कि कैसे आलू, मसाले और तिलहन की प्रोसेसिंग किसानों को सीधे ग्लोबल मार्केट से जोड़ सकती है.
दोपहर 12:00 बजे : सत्र 5: 'किसान भाई-बंपर कमाई'
इस सत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के साथ एक एक्सक्लूसिव 'फायर-साइड चैट' होगी. इससे पहले दर्शकों के बीच जाकर किसान सम्मान निधि, एमएसपी, मनरेगा और गन्ना मूल्य भुगतान जैसे ज्वलंत मुद्दों पर किसानों का फीडबैक लिया जाएगा. इसे सीधे मंत्री जी के सामने रखकर जवाब मांगा जाएगा.
दोपहर 12:45 बजे : सत्र 6: 'संगठन में शक्ति और तरक्की'
कानपुर के विधायक सलिल विश्नोई के साथ आयोजित इस सत्र में कृषि उत्पादन मंडी परिषद के आधुनिकीकरण और स्थानीय आढ़तियों और किसान संगठनों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा होगी.
दोपहर 1:30 बजे: सत्र 7: 'यूपी के किसानों की प्रेरणास्पद कहानी'
कॉन्क्लेव का समापन उत्तर प्रदेश के उन धरतीपुत्रों की प्रेरक और संघर्ष भरी गाथाओं के साथ होगा, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत से समृद्धि की नई इबारत लिखी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं