विज्ञापन

UP चुनाव 2027: 17 नवंबर को आएगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, 16 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी. इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया चलेगी.

UP चुनाव 2027: 17 नवंबर को आएगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, 16 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम
UP चुनाव से पहले वोटर लिस्ट अपडेट
NDTV
  • यूपी विधानसभा चुनाव के लिए 17 नवंबर को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित की जाएगी
  • फॉर्म 6, 7 और 8 के माध्यम से नाम जोड़ने, हटाने और विवरण संशोधन के लिए 17 नवंबर से आवेदन किया जा सकेगा
  • गाजियाबाद में लगभग दस लाख पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर हैं, इसलिए विशेष अभियान चलाया जाएगा

यूपी विधानसभा चुनाव के लिए 17 नवंबर को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट का प्रकाशन किया जायेगा. 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त किए जाएंगे. उस दौरान फॉर्म 6, 7 और 8 के जरिए नाम जुड़वाने, हटवाने एवं विवरण में संशोधन का अवसर मिलेगा. 21, 22 और 28, 29 नवंबर को सभी बूथों पर विशेष अभियान दिवसों का आयोजन किया जाएगा. गाजियाबाद में लगभग 10 लाख पात्र नागरिकों के मतदाता सूची से छूटे होने का अनुमान है. ऐसे में शत-प्रतिशत पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलेगा.

मुख्य चुनाव अधिकारी नवदीप रिनवा ने गाजियाबाद में बैठक लेने के बाद बताया कि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी. इस अवधि में पात्र नागरिकों का नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म 6, मतदाता सूची में नाम शामिल किए जाने पर आपत्ति अथवा अपात्र व्यक्ति का नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन, निवास परिवर्तन, ईपीआईसी प्रतिस्थापन एवं दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नांकन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकेगा. प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को होगा. 

मतदाता सूची की प्रतियां मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध कराई जाएंगी. गाजियाबाद में मतदाता पंजीकरण की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए बताया कि वर्तमान में जिले की मतदाता सूची में लगभग 23 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम दर्ज हैं, जबकि अनुमान के अनुसार लगभग 10 लाख ऐसे पात्र नागरिक अभी भी मतदाता सूची से बाहर हैं, जिनका नाम सूची में शामिल होना चाहिए. उन्होंने इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास करने के निर्देश दिये.

उन्होंने बताया कि उपलब्ध अनुमान के अनुसार उत्तर प्रदेश में लगभग 16 से 17 करोड़ नागरिक 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के हैं, जबकि वर्तमान मतदाता सूची में लगभग 13.56 करोड़ मतदाताओं के नाम दर्ज हैं. इस प्रकार प्रदेश में पात्र नागरिकों के पंजीकरण का अनुमानित अनुपात लगभग 84 प्रतिशत है। ध्येय वाक्य कोई मतदाता न छूटे की अवधारणा को ध्यान में रखते हुए यह प्रयास रहेगा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से अनुरोध किया कि वे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के दौरान बढ़-चढ़कर भाग लें. 

17 नवंबर को प्रकाशित होने वाली आलेख्य मतदाता सूची में अपना एवं अपने परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांचें. यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में नहीं है तो फॉर्म-6 भरकर नाम शामिल कराने तथा किसी विवरण में त्रुटि होने पर फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन कराने के लिए निर्धारित अवधि में आवेदन करें. लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Election 2026, UP Assembly Election 2026, UP News, UP News Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com