- मोहिबुल्लाह नदवी ने मुस्लिम समाज को अपनी सुरक्षा और राजनीतिक भविष्य के लिए स्वयं निर्णय लेने की जरूरत बताई है
- नदवी ने अब्दुल शब्द के प्रयोग पर आपत्ति जताई और मुस्लिम या मुसलमान शब्द का ही उपयोग करने की सलाह दी है
- नदवी ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी धार्मिक नेता नहीं हैं, बल्कि राजनीतिक हितों के अनुसार शब्दों का प्रयोग करते हैं
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन और मुस्लिम राजनीति को लेकर दिए गए बयानों पर सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि मुसलमानों को अपनी सुरक्षा और राजनीतिक भविष्य के लिए खुद फैसला लेना होगा. नदवी ने 'अब्दुल' शब्द के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि मुस्लिम समाज के लिए 'मुस्लिम' या 'मुसलमान' शब्द का ही उपयोग होना चाहिए.
सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा, "INDIA गठबंधन में मुस्लिम लीग भी शामिल है. जो लोग पहले दरी बिछाने की बातें करते थे, अब क्या वे लोगों से चंद्रशेखर के लिए दरी बिछवाएंगे? अगर कोई खुद मुख्यमंत्री बनने की घोषणा करता है और फिर किसी दूसरे के लिए दरी बिछाने की बात करता है, तो यह समझ से परे है. अब यह ऊपर वाला ही जानता है कि कौन किसके लिए दरी बिछा रहा है."
उन्होंने 'अब्दुल' शब्द के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई और कहा, "मेरे सामने 'अब्दुल' शब्द मत बोलिए. हमारी कुरान में 'मुस्लिम' और 'मुसलमान' शब्द हैं. इसलिए मुस्लिम या मुसलमान ही कहना चाहिए. इसके अलावा कोई दूसरा संबोधन उचित नहीं है."
असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा, "वह कोई धार्मिक अथॉरिटी नहीं हैं, बल्कि एक राजनीतिक नेता हैं. राजनीतिक लोग अपने हित और राजनीतिक फायदे के अनुसार शब्दों का इस्तेमाल करते हैं."
मुस्लिम समाज के राजनीतिक रुख पर मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा, "मुसलमानों को अपनी रक्षा खुद करनी है. मैंने किसी से यह नहीं कहा कि वह किसी विशेष दल या व्यक्ति के साथ जाए. लोग अपनी समझ और परिस्थितियों के अनुसार फैसला कर रहे हैं."
उन्होंने आगे कहा, "वह चारमीनार की हिफाजत करें. जहां चारमीनार को मंदिर में बदलने की बात कही जा रही है, उस मुद्दे पर उन्होंने कुछ नहीं कहा. लेकिन अन्य विषयों पर लगातार बयान देते रहते हैं."
यह भी पढ़ें | ओवैसी और चंद्रशेखर का जोड़, किन इलाकों में पुराने समीकरण देगा तोड़; 150 सीटों पर नजर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं