विज्ञापन

खौफनाक! महज एक आम तोड़ने पर 70 साल के बुजुर्ग की हत्या, लाश के टुकड़े कर बांध में फेंका!

उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में महज आम तोड़ने के विवाद में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की पानी में डुबोकर हत्या करने का खौफनाक मामला सामने आया है. आरोपियों ने हत्या को हादसे का रूप देने की साजिश रची थी, लेकिन परिजनों के भारी हंगामे और पुलिस की वैज्ञानिक जांच के बाद इस खौफनाक हत्याकांड का पर्दाफाश हो गया. पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

खौफनाक! महज एक आम तोड़ने पर 70 साल के बुजुर्ग की हत्या, लाश के टुकड़े कर बांध में फेंका!
आम तोड़ने पर मिली मौत की सजा,70 वर्षीय वृद्ध को पानी में डुबोकर मार डाला.
  • ललितपुर में खेत की मेड़ पर लगे पेड़ से आम तोड़ने पर 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्‍या.
  • आरोपियों ने कानून से बचने के लिए बुजुर्ग को बांध के पानी में डुबोया ताकि मौत प्राकृतिक लगे. 
  • पुलिस ने चारों आरोपियों कलामुद्दीन, वाहिद, कंछेदी और गफूर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां महज पेड़ से आम तोड़ने की सजा देने के लिए आरोपियों ने पहले एक बुजुर्ग की हत्या की साजिश रची और फिर बड़ी निर्ममता से वारदात को अंजाम दे डाला. वारदात के बाद बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने सुबह से लेकर अंतिम संस्कार होने तक जमकर हंगामा क‍िया. चौतरफा दबाव के बाद पुलिस ने अपनी जांच तेज की, जिसके बाद इस खौफनाक हत्याकांड की परतें खुलीं और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

लाश मिलने पर भड़का था परिजनों का गुस्सा

यह पूरा मामला थाना जाखलौन क्षेत्र के नया गांव का है. 2 जून की देर रात 70 वर्षीय बुजुर्ग धनीराम झा का शव गांव के ही एक जलाशय में क्षत-विक्षत हालत में मिला था. पुलिस ने शुरुआत में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, जिसमें मौत का कारण पानी में डूबना पाया गया. लेकिन मृतक के परिजनों ने इसे सोची-समझी हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए. इंसाफ की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने एसपी ऑफिस का घेराव किया और घंटाघर पर चक्का जाम कर उग्र प्रदर्शन किया.

'हाथ काट कर मार डालने' की मिली थी धमकी

परिजनों ने पुलिस को बताया कि गांव के ही दबंग कलामुद्दीन खान, गफूर खान, कंछेदी खान और वाहिद खान ने धनीराम को मौत से ठीक पहले गंभीर धमकी दी थी. आरोपियों ने कहा था कि, "तूने हमारे पेड़ से आम तोड़ा है, इसलिए तेरे हाथ काटकर तेरी हत्या कर देंगे." 

बुजुर्ग का शव ठीक उसी हालत में मिला जैसा कि आरोपियों ने धमकी दी थी. मृतक के पुत्र अनिल झा ने बताया, "खेत की रखवाली के दौरान आम तोड़ने पर गांव के इस दबंग परिवार के लोगों ने मेरे पिता को जान से मारने की धमकी दी थी. इसके दो दिन बाद मेरे पिता का हाथ और पेट कटा हुआ शव बांध के पानी में उतराता मिला. ये आरोपी पहले भी गांव में कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं, लेकिन हर बार बच निकलते थे. इस बार उन्होंने मेरे बुजुर्ग पिता की जान ले ली."

पुलिस जांच में हुआ साजिश का बड़ा खुलासा

परिजनों के भारी आक्रोश और प्रदर्शन के बाद हरकत में आई पुलिस ने मामले की गहराई से पड़ताल की, तो एक बड़ी और खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ. अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि इस घटना को लेकर 3 जून को थाना जाखलौन में मुकदमा दर्ज किया गया था. हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस की 6 टीमों का गठन किया गया था. टीमों ने वैज्ञानिक विधियों और साक्ष्यों का प्रयोग करते हुए 6 जून को इस पूरे मामले का सफल अनावरण किया.

'ऑपरेशन कन्विक्शन' के तहत मिलेगी सख्त सजा

विवेचक द्वारा कार्रवाई करते हुए चारों मुख्य आरोपियों कलामुद्दीन, वाहिद, कंछेदी और गफूर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है. पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों और मृतक धनीराम झा के बीच काफी समय से पुराना विवाद चल रहा था. हाल ही में खेत की मेड़ पर लगे आम के पेड़ से फल तोड़ने को लेकर दोनों पक्षों में फिर से झगड़ा हुआ था. मृतक धनीराम झा को उम्र के इस पड़ाव पर कम दिखाई और कम सुनाई देता था. 

आरोपियों ने बुजुर्ग की इसी लाचारी का फायदा उठाया. उन्होंने कानून से बचने और हत्या को एक सामान्य दुर्घटना (डूबने का हादसा) साबित करने के लिए एक सुनियोजित रणनीति बनाई और बुजुर्ग को खेत के पास ही बांध के पानी में डुबोकर मार डाला. पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि इस गंभीर और संवेदनशील प्रकरण को 'ऑपरेशन कन्विक्शन' के तहत चिन्हित किया गया है, ताकि फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए आरोपियों को जल्द से जल्द और सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके.

यह भी पढ़ें- संभल: कब्रिस्तान की सरकारी जमीन पर बनी अवैध मस्जिद पर चला प्रशासन का बुलडोजर

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com