विज्ञापन

गाजियाबाद के खोड़ा में खूनी खेल, पत्नी-बेटी को उतारा मौत के घाट, बचाने आईं दूसरी बेटी पर भी हमला

आरोपी के कमरे का मंजर देखकर पुलिस भी सन्न रह गई. कमरे में खून बिखरा था और मां-बेटी के शव लहूलुहान हालत में पड़े थे. शुरुआती जांच में धारदार हथियार से कई वार किए जाने की बात सामने आई है.

गाजियाबाद के खोड़ा में खूनी खेल, पत्नी-बेटी को उतारा मौत के घाट, बचाने आईं दूसरी बेटी पर भी हमला
खोड़ा में एक शख्स ने पत्नी और बेटी की हत्या कर दी.
NDTV
गाजियाबाद:

गाजियाबाद के खोड़ा फिर एक खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां बीती रात एक शख्स ने अपनी पत्नी और बेटी पर धारदार छुरी से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया. मां और बहन पर हुए इस हमले के दौरान आरोपी की दूसरी बेटी जब बीच-बचाव करने आई तो सनकी पिता ने उस पर भी हमला कर दिया. दिल दहलाने वाली यह घटना खोड़ा के लोकप्रिय विहार की है. गली नंबर तीन में रहने वाले राजा अंसारी पर आरोप है कि उसने धारदार छुरी से हमला कर अपनी पत्नी बीबी तबस्सुम और 15 वर्षीय बेटी सना तबस्सुम की हत्या कर दी. 

मां और बड़ी बहन को बचाने के लिए आगे आई 14 वर्षीय छोटी बेटी रूबी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया. घायल किशोरी किसी तरह जान बचाकर मौके से बाहर निकली और घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंची.

पुलिस को देर रात मिली सूचना, मौके पर नजारा देख सब हुए सन्न

पुलिस के अनुसार रात करीब 12:15 बजे पुलिस को सूचना मिली तो खोड़ा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. चौथी मंजिल पर बने कमरे का मंजर देखकर पुलिस भी सन्न रह गई. कमरे में खून बिखरा था और मां-बेटी के शव लहूलुहान हालत में पड़े थे. शुरुआती जांच में धारदार हथियार से कई वार किए जाने की बात सामने आई है.

दूसरी बेटी घायल, चल रहा इलाज

बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले अपनी पत्नी पर हमला किया. मां को बचाने के लिए दोनों बेटियां बीच में आईं तो उन पर भी हमला कर दिया गया. हमले में 15 वर्षीय सना की मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय रूबी गंभीर रूप से घायल हो गई. रूबी को तत्काल एमएमजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है.

गाजीपुर मछली मंडी में मुनीम का काम करता है आरोपी

घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. पुलिस ने आरोपी राजा अंसारी को घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया. मूल रूप से अररिया, बिहार का रहने वाला राजा दिल्ली के गाजीपुर स्थित मछली मंडी में मुनीम का काम करता है और परिवार के साथ लोकप्रिय विहार में रह रहा था.

पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम

प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है. हालांकि विवाद की असली वजह क्या थी और वारदात से पहले घर में क्या हुआ, इसका पूरा खुलासा पुलिस की जांच और आरोपी से पूछताछ के बाद ही होगा. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.

पुलिस अधिकारी बोले- आरोपी हिरासत में जांच जारी

सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

यह भी पढ़ें - खोड़ा मर्डर केसः सूर्या के कातिल असद का जहां हुआ एनकाउंटर, वहां से ग्राउंड रिपोर्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ghaziabad Double Murder, Ghaziabad, Khoda, Khoda Murder, Khoda Murder Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com