उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में सत्ता परिवर्तन का सपना देखने वाली शक्तियों पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता का मार्ग जनादेश से निकलता है, अराजकता से नहीं. उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के हाथों में राष्ट्र निर्माण की मशाल के बजाय अराजकता के औजार थमाने की कोशिश की जा रही है.
चुनाव सुधार का मुखौटा और न्याय का नारा देकर देश में अस्थिरता फैलाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का लोकतंत्र जनविश्वास की जड़ों पर खड़ा विशाल वटवृक्ष है. षड्यंत्रों के अंधड़ भारत के लोकतंत्र को नहीं हिला सकते.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी युवाशक्ति भारत का भविष्य संवारने के लिए है, किसी की सत्ता की भूख मिटाने के लिए नहीं. सीएम ने कहा कि राजनीति के मारीचों और कालनेमियों को जनता ने पहचानकर सत्ता से दूर रखा है. उन्होंने आरोप लगाया कि देश को अराजकता की आग में झोंककर कुर्सी हथियाने की कोशिश की जा रही है. सीएम योगी ने स्पष्ट कहा कि देश ऐसी सियासी साजिश को कभी सफल नहीं होने देगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं