विज्ञापन
This Article is From Jan 15, 2018

जन्मदिन पर मायावती का हमला, 'हर-हर मोदी वाले' अपने घर से ही बेघर होने से बच गए

मायावती ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि 'हर-हर मोदी, घर-घर मोदी' वाले नरेंद्र मोदी जी इस बार गुजरात में बाहर होते-होते बचे हैं.

जन्मदिन पर मायावती का हमला, 'हर-हर मोदी वाले' अपने घर से ही बेघर होने से बच गए
बसपा प्रमुख मायावती ने अपने जन्मदिन के मौके पर पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा. (फाइल फोटो)
  • जन्मदिन के अवसर पर बसपा सुप्रीमो ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला
  • मायावती ने ईवीएम पर भी सवाल उठाए और बैलेट पेपर से चुनाव की मांग की
  • उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी अपने घर गुजरात से ही बाहर होने से बच गए
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
लखनऊ: बसपा प्रमुख मायावती ने सोमवार को अपने जन्मदिन के मौके पर पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला. इसके अलावा उन्होंने  EVM पर भी सवाल उठाए और कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव कराने में घबराहट क्यों है ? उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को इस पर गंभीरता से सोचना चाहिए, क्योंकि जनता से वादा खिलाफी की आवाज चारों तरफ से उठने लगी है.

यह भी पढ़ें : नव वर्ष की शुभकामनाएं देने के बहाने मायावती ने मोदी सरकार पर ऐसे कसा तंज 

मायावती ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि 'हर-हर मोदी, घर-घर मोदी' वाले नरेंद्र मोदी जी इस बार गुजरात में बाहर होते-होते बचे हैं. गुजरात में अगर दलितों का 18 से 20 फीसदी वोट होता तो फिर वह बाल-बाल नहीं बच पाते. ऊना कांड ही मोदी को बेघर कर देता.

यह भी पढ़ें : 2019 में बैलट पेपर से मतदान हुए तो बीजेपी दोबारा सत्ता में नहीं आएगी : मायावती

मायावती ने मोदी सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी सरकार संविधान और कानून बदलना चाहती है. उनकी सरकार के मंत्री कहते हैं कि देश का संविधान बदला जाएगा, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में ईवीएम में गड़बड़ी के कारण भाजपा के नेता निरंकुश हो गए हैं. अगर भाजपा के लोग खुद को ईमानदार और दूध का धुला मानते हैं तो फिर यह लोग आने वाले सभी चुनाव बैलट पेपर से करवाने से घबराते क्यों है?

यह भी पढ़ें : मायावती ने भाजपा को दी चुनौती, मेयर की सीटों पर बैलेट पेपर से कराएं मतदान

उन्होंने कहा कि ऐसी संभावना है कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेशों में होने वाले विधानसभा चुनावों के साथ-साथ लोकसभा चुनाव भी करवा सकती है. मायावती का जन्मदिन इस बार 'जन कल्याणकारी दिवस' के रूप में मनाया जा रहा है. इस मौके पर उन्होंने अपने जीवन पर आधारित किताब के 13वें संस्करण 'मेरे संघर्षमय जीवन और बीएसपी मूवमेंट का सफरनामा' का विमोचन किया. इस किताब को 'ब्लू बुक' नाम दिया गया है.

मायावती ने कहा कि आजादी के बाद से कांग्रेस और बीजेपी ने हर वर्ग को नुकसान पहुंचाया है. आज हर राज्य में सांप्रदायिक और जातिवाद का माहौल बनाया जा रहा है. कांग्रेस और भाजपा चोर-चोर मौसरे भाई हैं. अंबेडकरवादी पार्टी बसपा को पूंजीवादी सोच वाली पार्टियां बढ़ते हुए नहीं देखना चाहतीं. पहले कांग्रेस एंड कंपनी और अब बीजेपी एंड कंपनी हमें खत्म करने की कोशिश कर रही है.

VIDEO : पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की कवायद में मायावती


मायावती ने कहा कि उन्हें राज्यसभा में बोलने नहीं दिया गया. इसके चलते उन्होंने इस्तीफा दिया. इसी तरह बाबासाहब भीम राव अंबेडकर को भी परेशान किया गया था. जिसके चलते उन्होंने कानून मंत्री पद से इस्तीफा दिया था. मायावती ने कहा कि उनके इस्तीफे से लोगों को अब समझ आ गया है. यही कारण है कि स्थानीय निकाय चुनाव में उन्हें बड़ी सफलता मिली. 

(इनपुट : भाषा)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com