New Bengaluru Mumbai Express Train: अगर आप बेंगलुरु और मुंबई के बीच अक्सर सफर करते हैं तो ये खबर आपके लिए काफी ज्यादा महत्वपूर्ण हो सकती है. रेलवे मंत्रालय आज यानी 17 मई से बेंगलुरु और मुंबई के बीच एक नई एक्सप्रेस ट्रेन की पहली यात्रा शुरू करने जा रहा है. इस ट्रेन की मदद से बेंगलुरु, हुबली-धारवाड़, बेलगावी, पुणे और मुंबई के बीच यात्रा करने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी. बता दें कि इस ट्रेन का संचालन और देखभाल दक्षिण पश्चिम रेलवे (SWR) जोन द्वारा किया जाएगा. आइए जानते हैं इसका रूट, स्टॉपेज समेत अन्य जरूरी डिटेल्स...
23 मई से शुरू होगी रेगुलर सर्विस
नई बेंगलुरु-मुंबई-बेंगलुरु एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 16553/16554 से चलेगी. हालांकि, आज यानी 17 मई को यह ट्रेन उद्घाटन के मौके पर स्पेशल सर्विस के रूप में 06557 नंबर से चलेगी. यह ट्रेन सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल (SMVT) बेंगलुरु से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच चलेगी. बता दें, कि SMVT बेंगलुरु-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस करीब 1,210 किलोमीटर की दूरी 24 घंटे 5 मिनट में पूरी करेगी. वहीं, ट्रेन की रेगुलर सर्विस बेंगलुरु से 23 मई से शुरू होगी, जबकि मुंबई से इसकी शुरुआत 24 मई से होगी.
यह भी पढ़ें: मतलब की बात : दिल्ली में शुरू हो गया नए राशन कार्ड बनने का काम, इस तरह करें अप्लाई और जानिए जरूरी नियम
कहां-कहां रुकेगी ट्रेन?
नई SMVT बेंगलुरु-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस ट्रेन कुल 15 स्टेशनों पर रुकेगी. इन स्टेशनों में तुमकुरु, दावणगेरे, एसएसएस हुबली, धारवाड़, बेलगावी, मिराज, सांगली, कराड, सतारा, लोनंद, पुणे, लोनावला, कर्जत, कल्याण और ठाणे स्टेशन शामिल हैं.
ट्रेन की टाइमिंग
ट्रेन नंबर 16553 (बेंगलुरु से मुंबई):यह ट्रेन हर शनिवार और मंगलवार को रात 8:35 बजे (20:35) SMVT बेंगलुरु से चलेगी और रविवार और बुधवार को शाम 8:40 बजे (20:40) मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी.

यह ट्रेन हर रविवार और बुधवार को रात 11:15 बजे (23:15) लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रवाना होगी और सोमवार और गुरुवार को रात 10:30 बजे (22:30) SMVT बेंगलुरु पहुंचेगी.
17 मई की टाइमिंग
उद्घाटन के दिन यह ट्रेन सुबह 10:00 बजे बेंगलुरु से चलेगी और अगले दिन सुबह 10:30 बजे मुंबई पहुंचेगी.
कितनी है टिकट की कीमत?
SMVT बेंगलुरु और लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) के बीच चलने वाली ट्रेन (16553/16554) के लिए टिकट का किराया तय कर दिया गया है. बता दें कि स्लीपर क्लास का किराया 750 रुपये, एसी 3 टियर (3AC) का 1880 रुपये और एसी 2 टियर (2AC) का 2575 रुपये रखा गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं