पश्चिम बंगाल में नई भाजपा सरकार ने कैबिनेट की दूसरी बैठक में महिलाओं के लिए एक बड़ी सौगात की घोषणा की है, जिसके तहत 1 जून 2026 से पात्र महिलाओं को हर महीने 3,000 की वित्तीय सहायता दी जाएगी. बंगाल कैबिनेट ने 1 जून से महिलाओं को 3,000 रुपये की मासिक सहायता वाली 'अन्नपूर्णा' योजना को मंजूरी दी. कैबिनेट बैठक के बाद सरकार में महिला एवं बाल कल्याण मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने बताया कि सरकार ने अन्नपूर्णा योजना को मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही महिलाओं के लिए 1 जून से राज्य में बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का फैसला लिया गया है. सरकार का कहना है कि इस योजना से बड़ी संख्या में महिलाओं को राहत मिलेगी.
अन्नपूर्णा भंडार योजना क्या है?
अन्नपूर्णा भंडार योजना पश्चिम बंगाल में 2026 विधानसभा चुनाव के दौरान किया गया एक बड़ा वादा है. यह महिलाओं के लिए आने वाली एक नई योजना है, जो मौजूदा लक्ष्मी भंडार योजना की जगह लेगी. इस योजना का मुख्य मकसद कम और मध्यम आय वाले परिवारों की महिलाओं को आर्थिक मदद देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है. इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने एक निश्चित रकम दी जाएगी, जिससे वे घर के खर्च आसानी से चला सकें, स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरतों को पूरा कर सकें और परिवार पर आर्थिक बोझ कम हो.
किन महिलाओं को मिलेगा अन्नपूर्णा योजना का लाभ
- पश्चिम बंगाल की स्थायी निवासी होनी चाहिए
- परिवार कम आय या आर्थिक रूप से कमजोर (EWS) वर्ग से हो
- तय की गई सालाना आय सीमा के अंदर हो
- 25 साल से ज्यादा उम्र होनी चाहिए
- राशन कार्ड (BPL/AAY/PHH) होना जरूरी है
कौन नहीं कर पाएगा आवेदन?
- सरकारी कर्मचारी या रिटायर कर्मचारी
- जिनकी आय तय सीमा से ज्यादा है
- पश्चिम बंगाल के बाहर रहने वाले लोग
अन्नपूर्णा भंडार योजना के फायदे
इस योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी. यह पैसा सीधे उनके आधार लिंक्ड बैंक खाते में DBT यानी डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर के जरिए भेजा जाएगा.
यह भी पढ़ें:- IRCTC ने पशुपतिनाथ यात्रा के लिए शुरू की 'भारत गौरव' ट्रेन, इंदौर से नेपाल चलेगी ट्रेन, जानिए टाइमिंग, रूट और बुकिंग
जरूरी दस्तावेज
- आधार कार्ड
- वोटर आईडी कार्ड
- निवास प्रमाण पत्र
- BPL / AAY / PHH राशन कार्ड
- बैंक खाता पासबुक या स्टेटमेंट
- स्थानीय प्राधिकारी से आय प्रमाण पत्र
- पासपोर्ट साइज फोटो
कैसे करें आवेदन?
अभी तक इस योजना के लिए ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन शुरू नहीं हुए हैं. सरकार की ओर से कोई वेबसाइट या पोर्टल भी जारी नहीं किया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं