विज्ञापन

दिल्ली मेट्रो से है कोई शिकायत? अब खुलकर बताएं अपनी बात, DMRC ने शुरू किया सर्वे

Delhi Metro: अगर आपको दिल्ली मेट्रो से कोई शिकायत है या आप कोई सुझाव देना चाहते हैं, तो आपके पास अच्छा मौका है. आप सीधे DMRC तक अपनी बात पहुंचा सकते हैं. इसके लिए एक सर्वे शुरू किया गया है.

दिल्ली मेट्रो से है कोई शिकायत? अब खुलकर बताएं अपनी बात, DMRC ने शुरू किया सर्वे
Delhi Metro को आप दे सकते हैं फीडबैक

Delhi Metro: अगर आप दिल्ली मेट्रो से सफर करते हैं और इस दौरान आपको किसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है या आप कोई सुझाव देना चाहते हैं, तो आपके पास अच्छा मौका है. Delhi Metro Rail Corporation (DMRC) ने यात्रियों की राय जानने के लिए एक ऑनलाइन कस्टमर सैटिस्फैक्शन सर्वे शुरू किया है. इसकी जानकारी DMRC ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी शेयर की है. यह सर्वे 13 अप्रैल से शुरू हो चुका है और 10 मई 2026 तक चलेगा. आइए जानते हैं आप कैसे सीधे DMRC तक अपनी बात पहुंचा सकते हैं. 

सर्वे क्यों किया जा रहा है? 

DMRC यह जानना चाहती है कि यात्रियों को मेट्रो की सेवाएं कैसी लगती हैं और किन चीजों में सुधार की जरूरत है. यह सर्वे एक इंटरनेशनल प्रोग्राम का हिस्सा है, जिसमें दुनिया के कई शहरों की मेट्रो शामिल हैं. इससे अलग-अलग मेट्रो सिस्टम एक-दूसरे से सीखकर अपनी सेवाएं बेहतर बनाते हैं.

किन बातों पर दे सकते हैं फीडबैक?

इस सर्वे में आप मेट्रो से जुड़ी कई जरूरी चीजों पर अपनी राय दे सकते हैं, जैसे-

  • मेट्रो की सुविधा और पहुंच
  • टिकट लेना और पेमेंट करना कितना आसान है
  • यात्रा के दौरान मिलने वाली जानकारी
  • ट्रेन समय पर आती है या नहीं
  • स्टेशन और कोच की साफ-सफाई
  • भीड़, सुरक्षा और आराम
  • कुल मिलाकर आपका अनुभव
कौन ले सकता है हिस्सा?

इस सर्वे में कोई भी व्यक्ति भाग ले सकता है, चाहे वह रोजाना मेट्रो से सफर करता हो, कभी-कभार करता हो या बहुत कम करता हो. सर्वे को पूरा करने में आमतौर पर 3 से 5 मिनट का समय लगता है. यात्री DMRC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इस सर्वे में हिस्सा ले सकते हैं. सर्वे अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे हर कोई आसानी से अपनी राय दे सके.

DMRC का कहना है कि आपकी दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी और इसका इस्तेमाल केवल सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किया जाएगा. ऐसे में अगर आपको दिल्ली मेट्रो से कोई शिकायत है या आप कुछ बेहतर देखना चाहते हैं, तो यह सही मौका है. आपके छोटे से फीडबैक से मेट्रो सफर और बेहतर बन सकता है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com