देश में रक्षाबंधन का त्योहार आ गया है. यह त्योहार केवल कलाई पर राखी बांधने तक सीमित नहीं है, बल्कि भाई-बहन के अटूट प्यार और विश्वास का वो सफर है, जो वक्त के साथ मजबूत होता जाता है. इस खास मौके पर बचपन की शरारतों से लेकर बड़े होने तक भाई-बहन के रिश्ते की यादें ताजा हो जाती हैं. टीवी की दुनिया में भी कई सीरियल्स ने इस रिश्ते की खूबसूरती को बेहद भावुक अंदाज में पर्दे पर उतारा है. ऐसी ही कहानी थी दो सौतेले भाई-बहन की, जिनके बीच खून का रिश्ता न होने के बावजूद प्यार और अपनापन किसी सगे भाई-बहन से कम नहीं था. इस रिश्ते ने छोटे पर्दे पर दर्शकों को खूब भावुक किया और इसका टाइटल ट्रैक आज भी सुनने वालों के दिल को छू जाता है. यह 'वीर की अरदास वीरा' का टाइटल ट्रैक है.
आनंद राज आनंद ने दी थी आवाज और संगीत
सीरियल के टाइटल ट्रैक को मशहूर म्यूजिक कंपोजर और लिरिसिस्ट आनंद राज आनंद ने तैयार किया था. उन्होंने ही इस गाने को अपनी आवाज भी दी थी. टाइटल ट्रैक के बोल और संगीत में भाई-बहन के रिश्ते की मासूमियत और भावनाओं को उभारने की कोशिश की गई है.
ये भी पढ़ें- रक्षाबंधन पर दिल चीर देगा ये गाना, राखी की धूमधाम से तैयारी करता भाई, लेकिन बहन ने ससुराल में दहेज के कारण की खुदकुशी
रक्षाबंधन के मौके पर जब भाई-बहन अपने रिश्ते को सेलिब्रेट करते हैं, तब ‘वीर की अरदास... वीरा' का यह गाना उस प्यार की याद दिलाता है, जिसमें रिश्ते सिर्फ खून से नहीं, बल्कि भावनाओं और जिम्मेदारी से मजबूत होते हैं. आज भी इस गाने को सुनने पर टीवी का वह दौर और वीर-वीरा का मासूम रिश्ता आंखों के सामने आ जाता है.
रक्षाबंधन पर याद आती है वीर और वीरा की कहानी
‘एक वीर की अरदास... वीरा' टीवी के उन सीरियल्स में शामिल रहा, जिसने भाई-बहन के रिश्ते को बखूबी दिखाया है. कहानी में वीर और वीरा सौतेले भाई-बहन थे, लेकिन दोनों के बीच का रिश्ता बेहद गहरा था. वीरा के जन्म के बाद उसकी मां की मौत हो जाती है और उसके पिता रणविजय अपनी बेटी को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं होते. ऐसे में उसका बड़ा भाई वीर ही उसके जीवन में सबसे मजबूत सहारा बनता है.
सीरियल ने लंबे समय तक दर्शकों का मनोरंजन किया और इसके कुल 805 एपिसोड प्रसारित हुए. शो की कहानी के साथ-साथ इसका टाइटल ट्रैक भी दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाने में कामयाब रहा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं