टीवी के सबसे चर्चित शो क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2 इन दिनों अपने नए ट्विस्ट को लेकर सुर्खियों में है. शो में तुलसी का किरदार निभा रहीं स्मृति ईरानी एक बार फिर दर्शकों को बांधे हुए हैं, लेकिन इस बार कहानी से ज्यादा चर्चा कास्टिंग को लेकर हो रही है. हाल ही में शो में अंश के बेटे रियो की एंट्री दिखाई गई है, जिसे आकाशदीप सैगल निभा रहे हैं. दिलचस्प बात ये है कि आकाशदीप की उम्र करीब 51 साल बताई जा रही है, जबकि ऑनस्क्रीन उनकी मां बनीं स्मृति ईरानी 50 साल की हैं. इसी उम्र के गैप को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं.
शो में आया बड़ा ट्विस्ट
लेटेस्ट एपिसोड में दिखाया गया कि तुलसी पहली बार रियो को देखती हैं और चौंक जाती हैं. रियो का चेहरा बिल्कुल अंश जैसा नजर आता है, जिससे कहानी में नया मोड़ आ गया है. खास बात ये है कि पहले सीजन में अंश का रोल भी आकाशदीप ने ही निभाया था. अब वो उसी किरदार के बेटे के रूप में वापसी कर रहे हैं, जिससे दर्शकों को सरप्राइज मिला लेकिन साथ ही कन्फ्यूजन भी बढ़ गया है. जैसे ही ये ट्विस्ट सामने आया, सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं तेजी से आने लगीं. कई यूजर्स ने लिखा कि बेटा बाप से भी बड़ा लग रहा है. कुछ ने मजाक में कहा कि यहां तो उम्र का पूरा गणित ही गड़बड़ा गया है. वहीं कुछ दर्शकों का मानना है कि मेकर्स को इस रोल के लिए किसी यंग एक्टर को लेना चाहिए था ताकि कहानी ज्यादा रियल लगे.
ये भी पढ़ें- भरत कपूर की किस्मत की चाबी बनीं 1979 की 7वीं सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म, पूनम ढिल्लों को भी बनाया पॉपुलर
क्योंकि सास भी के एक्टर्स की उम्र
तुलसी विरानी के रोल में नजर आने वाली एक्ट्रेस स्मृति ईरानी की उम्र 50 वर्ष है. मिहिर विरानी के किरदार में नजर आने वाले एक्टर अमर उपाध्याय 49 वर्ष है. जबकि अगस्त में वह 50 के हो जाएंगे. करण विरानी के रोल में नजर आ रहे हितेन तेजवानी 52 साल के हैं. नंदिनी विरानी के रोल में नजर आने वाली एक्ट्रेस गौरी प्रधान 48 की हैं. हेमंत विरानी के रोल में नजर आने वाले एक्टर शक्ति आनंद 50 वर्ष के आसपास के हैं. जबकि गौतम विरानी यानी सुमीत सचदेव 50 साल के हैं. नोइना साराभाई का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस बरखा बिष्ट की उम्र 46 साल है.
कुछ को पसंद आया ट्विस्ट
हालांकि हर कोई क्रिटिसाइज नहीं कर रहा है. कई फैंस ने इस ट्विस्ट को दिलचस्प बताया और कहा कि शो हमेशा से ऐसे शॉकिंग मोमेंट्स के लिए जाना जाता है. स्मृति ईरानी की एक्टिंग की भी जमकर तारीफ हो रही है, जिन्होंने इस सीन को इमोशनल बना दिया. अब दर्शकों के मन में ये सवाल है कि रियो की असल सच्चाई क्या है और आगे कहानी किस दिशा में जाएगी. क्या ये सिर्फ लुक-अलाइक का मामला है या इसके पीछे कोई बड़ा राज छिपा है. आने वाले एपिसोड्स में इस सस्पेंस से पर्दा उठ सकता है.
ये भी पढ़ें- 90 के दशक का वो खूंखार विलेन, जो एक ही शो में बना भगवान राम, श्रीकृष्ण और टीपू सुल्तान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं