बॉलीवुड के चर्चित कपल सैफ अली खान और करीना कपूर खान एक बार फिर करण जौहर के शो ‘कॉफी विद करण' में नजर आने वाले हैं. इस बार दोनों अपनी निजी जिंदगी के एक ऐसे मुश्किल दौर पर बात करते दिखेंगे, जिसने पूरे परिवार को हिलाकर रख दिया था. बातचीत के दौरान सैफ और करीना ने जनवरी 2025 में अभिनेता पर हुए जानलेवा हमले की यादें साझा कीं. सैफ ने उस रात को अपनी जिंदगी की सबसे डरावनी रात बताया, वहीं करीना ने खुलासा किया कि इस घटना का असर उन पर इतना गहरा था कि वह करीब छह महीने तक ठीक से सो नहीं पाईं.
सैफ ने हमले की रात को बताया जिंदगी का सबसे बुरा वक्त
करण जौहर से बातचीत के दौरान सैफ अली खान ने बांद्रा स्थित अपने घर में हुए हमले के बारे में खुलकर बात की. अभिनेता ने उस रात को याद करते हुए कहा कि वह रात उनकी जिंदगी की सबसे बुरी रात थी. उन्होंने बताया कि हालात बेहद गंभीर थे और परिवार के बच्चों की मौजूदगी में खुद को शांत रखना भी एक बड़ी चुनौती थी.
वहीं करीना कपूर ने बताया कि उस घटना का डर लंबे समय तक उनके मन में बना रहा. उन्होंने कहा कि हमले के बाद करीब छह महीने तक उनकी नींद प्रभावित रही. उस रात के हालात याद करते हुए करीना ने कहा, “मैं सड़क पर चिल्ला रही थी, रुको, रुको.” उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को किसी फिल्म के सीन जैसा बताया. करीना के मुताबिक, उस वक्त जो कुछ हो रहा था, उसे समझ पाना भी मुश्किल था.
16 जनवरी 2025 को घर में घुसा था हमलावर
यह घटना 16 जनवरी 2025 की है, जब एक हमलावर सैफ और करीना के बांद्रा स्थित घर में घुस आया था. उसने सबसे पहले घर में काम करने वाली महिला कर्मचारी का सामना किया. बीच-बचाव करने पहुंचे सैफ पर आरोपी ने चाकू से कई वार किए, जिससे अभिनेता गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके बाद उन्हें ऑटो रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी करीब छह घंटे तक सर्जरी चली. पांच दिन अस्पताल में रहने के बाद 21 जनवरी 2025 को सैफ को छुट्टी मिली और वह घर लौट आए.
मुंबई पुलिस ने इस मामले में आरोपी मोहम्मद शरीफुल को हमले के तीन दिन बाद गिरफ्तार किया था. मामले में आगे कानूनी कार्रवाई हुई और अदालत ने आरोपी की दूसरी बार दोष स्वीकार करने की अर्जी खारिज कर दी. अक्टूबर 2026 में इस मामले का ट्रायल शुरू हुआ.
'कॉफी विद करण' में साथ नजर आएंगे सैफ-करीना
करण जौहर के शो में सैफ और करीना की यह वापसी कई साल बाद एक साथ हो रही है. ‘कॉफी विद करण' के आखिरी सीजन का ऐलान करण जौहर ने पिछले महीने किया था. इस सीजन के पहले मेहमान सलमान खान बने थे, जबकि सैफ और करीना चौथे एपिसोड में नजर आएंगे. इस एपिसोड को 4 नवंबर को शाम 7 बजे JioHotstar के The Peacock Hub पर स्ट्रीम किया जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं