गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या को बालाजी टेलीफिल्म्स के ऑफिस पहुंचते दिखाने वाले टीजर के बाद, स्टार प्लस ने अब उनके मोस्ट अवेटेड शो के नाम से भी पर्दा उठा दिया है. इस रोमांटिक पारिवारिक ड्रामा को एकता कपूर की बालाजी टेलीफिल्म्स प्रोड्यूस कर रही है. दोनों कलाकार पहली बार पर्दे पर एक साथ नजर आएंगे. यह शो ‘अनुपमा' के बाद गौरव और ‘कुंडली भाग्य' के बाद श्रद्धा की डेली फिक्शन में वापसी का भी मौका होगा. ‘कुंडली भाग्य' से लंबे समय तक जुड़ी रहीं श्रद्धा दूसरी बार बालाजी के साथ काम करेंगी, जबकि गौरव पहली बार एकता के किसी शो का हिस्सा बनेंगे. आइए आपको बताते हैं एकता कपूर के नए शो के बारे में सबकुछ
एकता कपूर के नए शो का नाम
गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या के नए शो का नाम दिल की बेवफ़ाइयां है, जिसमें श्रद्धा के किरदार का नाम जानकी होगा. जबकि गौरव मानव का किरदार निभाते हुए नजर आएंगे. यह सीरियल दीवाली पर दस्तक देगा, जिसका जिक्र प्रोमो में किया गया है.
एकता कपूर ने कही ये बात
इस जोड़ी को लेकर एकता कपूर ने कहा, “दोनों को दर्शकों का बहुत प्यार मिला है और मैं लंबे समय से इन्हें एक साथ पर्दे पर देखना चाहती थी. अब जब यह आखिरकार होने जा रहा है, तो मैं उत्साहित भी हूं और थोड़ी नर्वस भी. अभी से सोच रही हूं कि दर्शक इन्हें साथ देखकर कैसी प्रतिक्रिया देंगे!”
अभी शूटिंग नहीं हुई है शुरू
शो का नाम सामने आने के साथ ही इसे दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारियां भी जारी हैं. हाल ही में गौरव और श्रद्धा ने इस नई शुरुआत से पहले एक पूजा में हिस्सा लिया था, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर नजर आए. फिलहाल शूटिंग शुरू नहीं हुई है और शो के लिए ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' के सेट में बदलाव किए जा रहे हैं. ‘दिल की बेवफ़ाइयाँ' को दिवाली के बाद, संभवतः नवंबर के आखिरी हफ्ते में लॉन्च करने की तैयारी है. इसके स्टार प्लस पर रात 9 बजे प्रसारित होने की उम्मीद है. हालांकि, चैनल ने अभी इसकी शुरुआत की तारीख और प्रसारण समय की आधिकारिक घोषणा नहीं की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं