गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या स्टार प्लस के नए शो ‘दिल की बेवफाइयां' में पहली बार साथ नजर आएंगे. इस जोड़ी को लेकर दर्शकों के बीच पहले से चर्चा है. अब निर्माता एकता कपूर ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में बताया कि शो की कहानी किस सवाल से शुरू हुई. क्या दो लोग अपनी शादी में खुश रहते हुए भी जिंदगी से अलग-अलग चीजें चाह सकते हैं? बालाजी टेलीफिल्म्स का यह रोमांटिक फैमिली ड्रामा 24 नवंबर से रात 9 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होगा.
दिल की बेवफाइयां के बारे में
शो में श्रद्धा आर्या जानकी और गौरव खन्ना मानव की भूमिका में हैं. जानकी को मानव के साथ बिताए रोजमर्रा के छोटे-छोटे पलों में खुशी मिलती है. उसके लिए दोनों ने मिलकर जो जिंदगी बनाई है, वही ‘काफी' है. वहीं, उम्र के इस पड़ाव पर मानव के मन में कुछ ‘काश' बाकी हैं. वह सोचता है कि अब वह अपने लिए क्या करना चाहता है. जानी-पहचानी परिस्थितियों और सहज बातचीत के जरिए शो दिखाता है कि बरसों साथ रहने के बाद भी दो लोग अपने आने वाले कल को कितने अलग ढंग से देख सकते हैं.
ये भी पढ़ें- 68 साल पुराना गाना, कैबरे डांसर बन मधुबाला ने अशोक कुमार का जीता था दिल, कानों में रस घोलती आशा भोसले की आवाज
एकता कपूर ने क्यों बनाया शो
शो की सोच के बारे में एकता कपूर कहती हैं, “हर इंसान की जिंदगी में नए अनुभवों का रोमांच और ठहराव का सुकून, दोनों की चाह होती है. हम उड़ने और जुड़ने के बीच उलझे रहते हैं. जब हम जुड़ते हैं, तो ज़िंदगी में स्थिरता आती है, लेकिन कभी-कभी वही जिंदगी थोड़ी उबाऊ भी लगने लगती है. जब हम उड़ते हैं, तो कुछ नया करने का रोमांच मिलता है. हमें दोनों चाहिए, कुछ नया करने का उत्साह भी और अपनेपन का एहसास भी.”
वह आगे कहती हैं, “मैं मानव के ज़रिए इसी उलझन को दिखाना चाहती थी. वह जिंदगी के ऐसे मोड़ पर है जहां वह ठहरकर खुद से पूछता है, ‘अब मैं अपने लिए क्या करना चाहता हूं?' वहीं, जानकी उस जिंदगी में खुश है जो दोनों ने मिलकर बनाई है. मैं दोनों का नजरिया पर्दे पर लाना चाहती थी और दिखाना चाहती थी कि जब एक ही सवाल पर पति-पत्नी के जवाब अलग हों, तो उनके बीच कैसी बातचीत होती है.”
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं