अभिनेता सुनील लहरी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और अक्सर अपने विचार साझा करते हैं. सोमवार(28 सितंबर) को उन्होंने बच्चों पर माता-पिता की परवरिश के असर को लेकर बात की और बताया कि आने वाली पीढ़ी को बेहतर बनाने के लिए किस तरह के संस्कार देने चाहिए. अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें उन्होंने माता-पिता की दी गई अच्छी शिक्षा और गुण पर जोर दिया. वीडियो में वह कहते हैं, "सभी माता-पिता अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देना चाहते हैं. मुझे भी मेरे मेरे पिता माता ने अच्छी शिक्षा और गुण दिए हैं. बचपन में मेरे पिता जी हमेशा कहा करते थे कि जैसा खाए अन्न वैसा करे मन, जैसा पिए पानी वैसी बोले वाणी, जैसी होए संगत वैसी होए रंगत यानी कि अगर आप अच्छा सात्विक भोजन करेंगे, तामसिक भोजन से दूर रहेंगे तो आपके विचार अच्छे रहेंगे."
उन्होंने आगे कहा, "उसी तरह अगर आप शुद्ध पानी पीएंगे. इसका मतलब कि अगर आप शराब या नशीले पदार्थों से परहेज करेंगे तो आपकी वाणी अच्छी रहेगी और गलत शब्दों का इस्तेमाल नहीं करेंगे. अगर आपकी संगत अच्छी रहेगी यानी कि विद्वानों की संगत रहेगी, तो आपके अंदर अच्छे विचार आएंगे." अभिनेता ने अपनी बात पूरी करते हुए कहा, "हमें आने वाली पीढ़ी को अच्छे विचारों से लोगों को अवगत करवाना चाहिए. उनका भविष्य उज्ज्वल बनाने में मदद करनी चाहिए. आप लोग खुश रहिए, स्वस्थ रहिए जय श्री राम. अभिनेता ने वीडियो पोस्ट कर कैप्शन लिखा, "सभी माता पिता अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा और गुण देना चाहते हैं, बचपन में पापा द्वारा कहीं एक बात मैं आप लोगों से शेयर करता हूं."
अभिनेता सुनील टेलीविजन इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता हैं. उन्होंने रामानंद सागर के ऐतिहासिक टीवी सीरियल 'रामायण' में 'लक्ष्मण' के किरदार से काफी लोकप्रियता हासिल की थी. फिलहाल सुनील लहरी फिल्मों और टीवी से दूर हैं, लेकिन वे सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस से जुड़े रहते हैं.
यह भी पढ़ें: Bigg Boss 20: आज के एपिसोड में होगा रिश्तों का असली टेस्ट, घर का माहौल गर्म करने के लिए बिग बॉस लाए ये ट्विस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं